कांग्रेस नेता शमा मोहम्मद का गौतम गंभीर पर बड़ा आरोप, कहा-सरफराज खान का चयन इसलिए नहीं हुए कि वह खान हैं.
नई दिल्ली। कभी रोहित शर्मा के मोटापे पर तंज कसकर चर्चा में आने वाली कांग्रेस नेता शमा मोहम्मद ने एक बार फिर विवादित टिप्पणी की है। उन्होंने एक्स पर पोस्ट कर लिखा-क्या सरफराज खान का टीम इंडिया में चयन सिर्फ उनके उपनाम की वजह से नहीं हुआ। हम सब जानते हैं कि गौतम गंभीर का इस बारे में क्या सोचना है।
उल्लेखनीय है कि सरफराज खान को दक्षिण अफ्रीका A के खिलाफ सीरीज के लिए इंडिया A स्क्वाड में जगह नहीं मिली थी। सरफराज खान ने आखिरी बार नंबर 2024 में न्यूजीलैंड के खिलाफ मैच में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व किया था। उसके बाद उन्हें बॉर्डर गावस्कर ट्रॉफी, फिर इंग्लैंड टूर और हाल ही में वेस्टइंडीज टेस्ट सीरीज के स्क्वाड में भी उन्हें नहीं चुना गया था। अच्छे डोमेस्टिक रिकॉर्ड के बावजूद सरफराज टीम से बाहर हैं। हाल ही में एआईएमआईएम चीफ असदुद्दीन ओवैसी ने भी सवाल खड़े किए थे कि डोमेस्टिक क्रिकेट में लगातार अच्छा करने के बावजूद सरफराज खान को इंडिया A स्क्वाड में जगह नहीं दी गई।
रोहित शर्मा पर टिप्पणी से मचा था बवाल
इससे पहले शमा मोहम्मद की रोहित शर्मा पर की गई टिप्पणी से बवाल मचा था। शमा ने रोहित शर्मा को मोटा कहा और उन्हें भारतीय क्रिकेट इतिहास का सबसे अप्रभावी कप्तान बताया था। तब जमकर हंगामा हुआ था और लोगों ने सोशल मीडिया पर शमा मोहम्मद की क्लास लगा दी थी। अब एक बार फिर शमा ने विवाद खड़ा करने की कोशिश की है।