मिडिल ईस्ट में टेंशन से सप्ताह के पहले कारोबारी दिन शेयर बाजार धड़ाम, सेंसेक्स और निफ्टी में भारी गिरावट.
मुंबई। सप्ताह के पहले कारोबारी दिन सोमवार 2 मार्च को शेयर बाजार में मिडिल ईस्ट के टेंशन का असर दिखा। बीएसई सेंसेक्स 2,743 अंक यानी 3.37 फीसदी गिरावट के साथ 78,543.73 अंक पर खुला। एनएसई भी 519 अंक यानी 2 फीसदी गिरावट के साथ 24,659.25 अंक पर खुला। प्री-ओपन सेशन में सेंसेक्स में 6,800 अंक से अधिक गिरावट आई। 9.23 बजे सेंसेक्स 996.02 अंक की गिरावट के साथ 80,291.17 अंक पर ट्रेड कर रहा था। इसी तरह निफ्टी भी 284.65 अंक यानी 1.13% की गिरावट के साथ 24,894 अंक पर था।
आज के कारोबार में सेंसेक्स के सभी 30 शेयरों में गिरावट आई है। एनटीपीसी, इंडिगो और लार्सन एंड टुब्रो में सात फीसदी से ज्यादा गिरावट आई। इसी तरह कोटक महिंद्रा बैंक, ट्रेंड, महिंद्रा एंड महिंद्रा, एशियन पेंट्स और मारुति के शेयर 6 फीसदी से ज्यादा लुढ़क गए। इटरनल, अडानी पोर्ट्स, बजाज फाइनेंस, टाटा स्टील और आईटीसी में चार फीसदी से ज्यादा गिरावट आई। इस गिरावट से बीएसई पर लिस्टेड कंपनियों के मार्केट कैप में 7.8 लाख करोड़ रुपये की गिरावट आई है। शेयर बाजार में आज सभी सेक्टर इंडेक्स लाल रंग में कारोबार कर रहे हैं, जिसमें रियल्टी सेक्टर 2% की गिरावट के साथ सबसे ज्यादा प्रभावित हुआ। इंटरग्लोब एविएशन, लार्सन एंड टूब्रो, मारुति सुजुकी, एशियन पेंट्स और टीएमपीवी जैसे प्रमुख इंडेक्स में नुकसान दर्ज किया गया। उल्लेखनीय है कि शुक्रवार 27 फरवरी को भी शेयर बाजार भारी गिरावट के साथ बंद हुआ था। सेंसेक्स 961.42 अंक की गिरावट के साथ 81,287.19 अंक पर और एनएसई निफ्टी 50 317.90 अंक प्रतिशत गिरकर 25,178.65 के लेवल पर बंद हुआ था।