मध्य-पूर्व संकट पर भारत की कूटनीतिक पहल: पीएम मोदी की नेतन्याहू और यूएई राष्ट्रपति से अहम बातचीत.
मध्य-पूर्व संकट पर भारत की कूटनीतिक पहल: पीएम मोदी की नेतन्याहू और यूएई राष्ट्रपति से अहम बातचीत
भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार देर रात इजराइल के प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू से फोन पर बातचीत की। दोनों नेताओं ने क्षेत्र में मौजूदा हालात और तेजी से बढ़ते तनाव पर चर्चा की।
प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा कि उन्होंने हालिया घटनाक्रम को लेकर भारत की गहरी चिंता जताई है और जोर देकर कहा कि नागरिकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने यह भी दोहराया कि संघर्ष को जल्द से जल्द रोकना बेहद जरूरी है।
इससे पहले, रविवार रात ही पीएम मोदी ने संयुक्त अरब अमीरात के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायेद अल नाहयान से भी बातचीत की। प्रधानमंत्री ने यूएई पर हुए हमलों की कड़ी निंदा की और वहां रह रहे भारतीय समुदाय की सुरक्षा का ध्यान रखने के लिए यूएई नेतृत्व का आभार व्यक्त किया।
गौरतलब है कि शनिवार को अमेरिका और इजराइल ने ईरान पर बड़े पैमाने पर हमले किए थे, जिनमें ईरान के सुप्रीम लीडर आयतुल्लाह अली खामेनेई की मौत की पुष्टि हुई है।
भारत ने एक बार फिर शांति, संवाद और नागरिकों की सुरक्षा को ही इस संकट से निकलने का एकमात्र रास्ता बताया है।