मध्य-पूर्व तनाव का असर: एयरस्पेस बंद, एअर इंडिया की यूरोप उड़ानें रद्द, यात्रियों के लिए एडवाइजरी जारी.
मध्य-पूर्व तनाव का असर: एयरस्पेस बंद, एअर इंडिया की यूरोप उड़ानें रद्द, यात्रियों के लिए एडवाइजरी जारी
अमेरिका और इजरायल के ईरान पर हमलों के बीच कई देशों ने अपना एयरस्पेस बंद कर दिया है, जिससे वैश्विक हवाई यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ है। इसका सीधा असर भारत से संचालित अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर भी पड़ा है।
एअर इंडिया ने बताया कि पश्चिम एशिया में उपलब्ध एयरस्पेस को देखते हुए वह उत्तर अमेरिका और यूरोप के लिए वैकल्पिक मार्गों का उपयोग कर उड़ानें संचालित करेगी। हालांकि, सोमवार (2 मार्च) को यूरोप के कई शहरों के लिए छह उड़ानें रद्द रहेंगी। इससे पहले रविवार को एयरलाइन ने 50 अंतरराष्ट्रीय उड़ानें रद्द की थीं।
एयर इंडिया के अनुसार, संयुक्त अरब अमीरात, सऊदी अरब, इजरायल और कतर आने-जाने वाली सभी उड़ानें 2 मार्च को रात 11:59 बजे (भारतीय समय) तक निलंबित रहेंगी।
एयरलाइन ने एक्स पर जानकारी दी कि अमृतसर-बर्मिंघम (AI 117) और बर्मिंघम-दिल्ली (AI 114) के अलावा दिल्ली-ज्यूरिख (AI 151/152) और दिल्ली-कोपेनहेगन (AI 157/158) की उड़ानें भी सोमवार को रद्द रहेंगी।
एअर इंडिया ने यात्रियों से हुई असुविधा के लिए खेद जताते हुए कहा है कि प्रभावित यात्रियों को उनके रजिस्टर्ड संपर्क नंबर पर अपडेट भेजे जा रहे हैं। री-बुकिंग और वैकल्पिक यात्रा व्यवस्था में भी सहायता दी जा रही है। यात्रियों से अनुरोध है कि वे फ्लाइट की ताजा जानकारी के लिए आधिकारिक वेबसाइट या 24×7 कॉल सेंटर से संपर्क करें।
उधर, इंडिगो ने भी एक्स पर पोस्ट कर बताया कि वह मिडिल ईस्ट और आसपास के क्षेत्रों की स्थिति पर लगातार नजर रखे हुए है। एयरलाइन ने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए हर निर्णय सोच-समझकर लिया जा रहा है।
एयरलाइंस ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्रीय हालात की निरंतर समीक्षा जारी रहेगी और समय-समय पर आवश्यक अपडेट साझा किए जाते रहेंगे।