बांग्लादेश में हिंदुओं के खिलाफ हिंसा जारी, एक और युवक को हुई जलाने की कोशिश, तालाब में छलांग लगाकर बचाई जान.
ढाका। बांग्लादेश में हिंदुओं के खिलाफ हिंसा अभी जारी है। यहां के शरियतपुर जिले में खोकन चंद्र नाम के हिंदू युवक को हिंसक गिरोह ने मारने की कोशिश की। भीड़ ने पहले उसे घेर लिया और फिर बेरहमी से पीटा। इसके बाद चाकू से हमला कर पेट्रोल डालकर जिंदा जलाने की कोशिश की। युवक ने तालाब में छलांग लगाकर किसी तरह अपनी जान बचाई।
बताया जाता है कि खोकन चंद्र एक फार्मेसी के मालिक हैं और 31 दिसंबर को जब वह दुकान से घर जा रहे थे तब उनपर हमला किया गया। फिलहाल वह शरियतपुर सदर अस्पताल में भर्ती हैं। बांग्लादेश में दो हफ्ते के भीतर किसी हिंदू पर यह चौथा हमला है। भारत इस पर अपनी कड़ी आपत्ति जाहिर की है। पड़ोसी देश बांग्लादेश में धार्मिक अल्पसंख्यकों के खिलाफ जारी हिंसा की घटनाओं पर भारत ने चिंता जताई है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि भारत बांग्लादेश में हालात पर नजर बनाए हुए है और वहां हिंदुओं, ईसाइयों और बौद्धों सहित अल्पसंख्यकों के खिलाफ जारी शत्रुता पर गंभीर चिंता जताई है।