न्यूयॉर्क को मिला नया इतिहास: ज़ोहरान ममदानी बने पहले मुस्लिम और सबसे युवा मेयर, आधी रात को ली शपथ.
न्यूयॉर्क को मिला नया इतिहास: ज़ोहरान ममदानी बने पहले मुस्लिम और सबसे युवा मेयर, आधी रात को ली शपथ
ज़ोहरान ममदानी ने 1 जनवरी 2026 को न्यूयॉर्क शहर के मेयर पद की शपथ लेकर इतिहास रच दिया। वे शहर के पहले मुस्लिम मेयर बने हैं और बीते 100 वर्षों में सबसे कम उम्र के मेयर के रूप में भी दर्ज हो गए हैं।
न्यूयॉर्क के 111वें मेयर के तौर पर ममदानी ने नए साल की आधी रात को स्थानीय समयानुसार शपथ ली। शपथ ग्रहण समारोह के दौरान उनका परिवार भी मौजूद रहा। इस खास मौके पर आम लोगों को भी ब्रॉडवे से सिटी हॉल तक आयोजित एक स्ट्रीट पार्टी में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया गया।
डेमोक्रेटिक पार्टी के उम्मीदवार के रूप में ज़ोहरान ममदानी ने नवंबर की शुरुआत में हुए मेयर चुनाव में जीत हासिल की थी। 34 वर्षीय ममदानी न सिर्फ पहले मुस्लिम, बल्कि दक्षिण एशियाई मूल के भी पहले मेयर हैं, जिन्होंने न्यूयॉर्क जैसे वैश्विक शहर की कमान संभाली है।
मेयर पद के लिए मुख्य मुकाबला ज़ोहरान ममदानी और पूर्व गवर्नर एंड्रयू कुओमो के बीच था। डेमोक्रेटिक प्राइमरी में हार के बाद कुओमो ने इंडिपेंडेंट उम्मीदवार के तौर पर चुनाव लड़ा। वहीं रिपब्लिकन पार्टी की ओर से कर्टिस स्लिवा मैदान में थे।
ज़ोहरान ममदानी की जीत को न्यूयॉर्क की राजनीति में एक नए दौर की शुरुआत के रूप में देखा जा रहा है।