बांग्लादेश में हिंदुओं के खिलाफ हिंसा जारी, पेट्रोल पंप पर लैंड क्रूजर से कुचलकर एक हिंदू युवक को मार डाला.
ढाका। बांग्लादेश में हिंदुओं के खिलाफ हिंसा थमने का नाम नहीं ले रही। बांग्लादेश के राजबाड़ी जिले के सदर उपजिला में एक हिंदू युवक को लैंड क्रूजर से कुचलकर मार दिया गया है। घटना को अंजाम देने वाला बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) से जुड़ा हुआ है।
बांग्लादेश पुलिस ने मृतक की पहचान 30 वर्षीय रिपन साहा के रूप में की है। रिपन राजबाड़ी में गोलंदा मोड़ के पास करीम फिलिंग स्टेशन पर काम करता था। घटना शुक्रवार की है। लैंड क्रूजर कार में तेल भरवाने के बाद जा रहे ड्राइवर से पैसे मांगने पर उसने कार से रिपन साहा को कुचल दिया। करीम फिलिंग स्टेशन के कर्मचारियों के अनुसार एक काली लैंड क्रूजर कार ने शुक्रवार की सुबह फिलिंग स्टेशन पर आई थी। उसने 5 हजार बांग्लादेशी टका का फ्यूल लिया और बिना पैसे दिए जाने लगा। जब रिपन साहा ने बिना पैसे दिए जा रही गाड़ी को रोकने की कोशिश की तो ड्राइवर ने उसे कुचल दिया और मौके से भाग गया।
बीएनपी से जुड़ा है गाड़ी का मालिक
राजबाड़ी सदर पुलिस स्टेशन के ऑफिसर इंचार्ज खोंडकर जियाउर रहमान ने बताया कि घटना की शिकायत मिलने पर पुलिस ने गाड़ी जब्त कर ली। उसके मालिक अबुल हशेम को सदर उपजिला में उसके घर से गिरफ्तार कर लिया है। हशेम बीएनपी की राजबाड़ी डिस्ट्रिक्ट यूनिट का पूर्व ट्रेजरर है। गाड़ी के ड्राइवर कमल हुसैन को भी बनिभाह निजपारा गांव से हिरासत में ले लिया गया है।