ट्रंप का बड़ा व्यापारिक फैसला: दक्षिण कोरिया पर 25% टैरिफ, समझौते के उल्लंघन का आरोप.
ट्रंप का बड़ा व्यापारिक फैसला: दक्षिण कोरिया पर 25% टैरिफ, समझौते के उल्लंघन का आरोप
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दक्षिण कोरिया से आयात होने वाले सामान पर टैरिफ बढ़ाकर 25 फीसदी करने का एलान किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि दक्षिण कोरिया पिछले साल हुए व्यापार समझौते को सही तरीके से लागू नहीं कर रहा है।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ पर साझा की गई एक पोस्ट में ट्रंप ने कहा कि कारों, लकड़ी के उत्पादों, दवाइयों और अन्य सामानों पर लगने वाला टैरिफ अब 15 फीसदी से बढ़ाकर 25 फीसदी किया जाएगा। ट्रंप ने इसे ‘रेसिप्रोकल टैरिफ’ करार दिया।
रेसिप्रोकल टैरिफ का मतलब है—अगर कोई देश अमेरिकी उत्पादों पर ज्यादा आयात शुल्क लगाता है, तो अमेरिका भी उस देश से आने वाले सामान पर उतना ही या उससे अधिक शुल्क लगाएगा।
ट्रंप का कहना है कि दक्षिण कोरिया की संसद ने व्यापार समझौते को मंजूरी देने में देरी की है, जबकि अमेरिका ने समझौते के तहत अपने टैरिफ तेजी से कम किए हैं।
वहीं, दक्षिण कोरिया ने इस फैसले पर हैरानी जताई है। सियोल का कहना है कि उसे टैरिफ बढ़ाने को लेकर अमेरिका की ओर से कोई आधिकारिक सूचना नहीं मिली है। साथ ही, दक्षिण कोरिया ने इस मुद्दे पर अमेरिका के साथ तत्काल बातचीत की मांग की है।