बांग्लादेश में शेख हसीना को मौत की सजा : मोहम्मद यूनुस की प्रतिक्रिया.
बांग्लादेश में शेख हसीना को मौत की सजा : मोहम्मद यूनुस की प्रतिक्रिया
बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख़ हसीना को सुनाए गए मौत की सज़ा के फैसले पर देश की कार्यकारी सरकार के मुख्य सलाहकार मोहम्मद यूनुस ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर प्रतिक्रिया दी।
उन्होंने लिखा, "आज बांग्लादेश की अदालत ने जिस स्पष्टता के साथ अपना फ़ैसला सुनाया है, उसकी गूंज पूरे देश और उसके बाहर भी सुनाई दे रही है। दोष साबित होना और सज़ा मिलना यह स्पष्ट करता है कि कोई भी—चाहे कितना भी शक्तिशाली क्यों न हो—क़ानून से ऊपर नहीं है।
यूनुस ने कहा कि यह फ़ैसला जुलाई–अगस्त 2024 के विद्रोह में प्रभावित हुए हज़ारों लोगों और उन परिवारों के लिए, जो अभी भी अपने नुकसान से जूझ रहे हैं, सीमित लेकिन महत्वपूर्ण न्याय प्रदान करता है।
उन्होंने यह भी कहा कि देश "सालों के उत्पीड़न से नष्ट हो चुकी लोकतांत्रिक संस्थाओं के पुनर्निर्माण के मोड़ पर खड़ा है।"
घटनाओं में मारी गई 1400 जानों का ज़िक्र करते हुए उन्होंने कहा कि ये सिर्फ़ आंकड़े नहीं बल्कि छात्र, माता-पिता और अधिकार संपन्न नागरिक थे।
यूनुस ने बताया कि महीनों चली गवाही में यह सामने आया कि निहत्थे प्रदर्शनकारियों पर घातक बल का इस्तेमाल किया गया, यहां तक कि हेलीकॉप्टरों का प्रयोग भी हुआ।
उनके अनुसार, "यह फ़ैसला उनकी पीड़ा को स्वीकार करता है और साबित करता है कि हमारी न्याय व्यवस्था अपराधियों को जवाबदेह ठहराने में सक्षम है।"
उधर बांग्लादेश की राजधानी ढाका में शेख हसीना को मौत की सजा के फ़ैसले के ख़िलाफ प्रदर्शन हो रहे हैं. पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को हटाने के लिए ग्रेनेड और लाठियों का इस्तेमाल किया.