पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने फिर उगला जहर, कहा- इस बार युद्ध हुआ तो बहुत बड़ी जीत होगी.
लाहौर। ऑपरेशन सिंदूर के बाद से पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ भारत के खिलाफ जहर उगलते रहते हैं। अब उन्होंने भारत को धमकी देते हुए कहा है कि इस बार युद्ध हुआ तो पाकिस्तान की बहुत बड़ी जीत होगी।
ख्वाजा आसिफ ने एक पाकिस्तानी न्यूज चैनल से बात करते हुए कहा कि अगर आप तारीख में जाएं तो हिन्दुस्तान सिर्फ एक बार रियासत की हैसियत से एक इकाई रहा है और वह 18वीं सदी यानी की औरंगजेब के वक्त में रहा है। वह कभी भी एक मुल्क नहीं रहा। एक वक्त ऐसा आया कि 540 रियासतें थीं। हमने तो मुल्क बनाया है, अल्लाह के नाम पर बनाया है। उन्होंने कहा कि आप देखें तो ऊपर से नीचे तक हमारे बीच कितने झगड़े चल रहे हैं। उत्तर से दक्षिण तक यही चल रहा है। ये चीजें बहुत ही प्रभावित करती हैं। मेरा खयाल है कि फिर से जंग के हालात बन रहे हैं और इस बार जंग हुई तो अल्लाह हमें पहले से ज्यादा बड़ी फतेह देगा। उल्लेखनीय है कि पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत ने ऑपरेशन सिंदूर के माध्यम से पाकिस्तान को धूल चटाई थी। इसके बाद से ही पाकिस्तान लगातार भारत को भड़काने वाले बयान देता रहा है। पाकिस्तानी रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ तो कई बार भारत को धमकी दे चुके हैं।