सीरिया के दक्षिणी इलाके में ड्रूज और सुन्नी आदिवासियों के बीच संघर्ष, 30 से अधिक की मौत.
सीरिया के दक्षिणी इलाके में ड्रूज और सुन्नी आदिवासियों के बीच संघर्ष, 30 से अधिक की मौत
सीरिया के दक्षिणी सुवेदा प्रांत में ड्रूज मिलिशिया और सुन्नी बेदौइन आदिवासी लड़ाकों के बीच हुए सशस्त्र संघर्ष में कम से कम 30 लोगों की मौत हो गई है। यह जानकारी सीरिया के गृह मंत्रालय ने दी है।
मंत्रालय के अनुसार, हिंसा रविवार को उस समय भड़की जब दो दिन पहले दमिश्क जाने वाले राजमार्ग पर एक ड्रूज व्यापारी के अपहरण की खबर आई थी। इसके बाद इलाके में तनाव तेज़ हो गया।

गृह मंत्रालय ने हालात को 'ख़तरनाक' बताते हुए कहा है कि अराजकता फैल रही है और स्थानीय समुदाय शांति बनाए रखने में असफल हो रहा है। मंत्रालय ने बताया, "यह स्थिति सरकारी संस्थानों की अनुपस्थिति में पैदा हुई है और सुरक्षा व्यवस्था तेजी से बिगड़ रही है।"
स्थिति को नियंत्रित करने के लिए सुरक्षा बलों को तैनात किया गया है। गृह मंत्रालय ने यह भी बताया कि वह रक्षा मंत्रालय के संपर्क में है और दक्षिणी इलाके में संघर्ष समाप्त करने के लिए सीधे हस्तक्षेप की संभावना पर विचार किया जा रहा है।