नेपाल में बवाल के बीच प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली ने दिया इस्तीफा, प्रदर्शनकारियों ने पीएम के घर से लेकर संसद तक लगाई आग.
काठमांडू। सोशल मीडिया पर बैन के खिलाफ नेपाल में हो रहा प्रदर्शन और भड़कता जा रहा है। प्रदर्शनकारी राष्ट्रपति भवन से लेकर पीएम ओली के घर तक आगजनी की। बताया जा रहा है कि सुप्रीम कोर्ट को भी आग लगा दी गई है। प्रदर्शनकारियों ने सेना के जवानों पर भी जमकर पथराव किया था। इसके बाद नेपाल के प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली ने इस्तीफा दे दिया।
बताया जाता है कि युवाओं के आंदोलन में व्यापक बल प्रयोग के कारण अब तक 21 लोगों की मौत हो चुकी है। इनमें दो मौतें मंगलवार को हुई हैं। सत्तारूढ़ गठबंधन सहयोगी नेपाली कांग्रेस और नेपाली समाज पार्टी के कई मंत्रियों के सरकार से इस्तीफा देने के तुरंत बाद प्रधानमंत्री ओली ने इस्तीफा दे दिया। राष्ट्रपति राम चंद्र पौडेल को भेजे अपने त्यागपत्र में ओली ने कहा कि मैंने संविधान के अनुच्छेद 77 (1) (ए) के अनुसार आज से प्रधानमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया है, ताकि संविधान के अनुसार राजनीतिक समाधान ढूंढा जा सके और देश में उत्पन्न असामान्य स्थिति को ध्यान में रखते हुए समस्याओं को हल करने के लिए आगे की पहल की जा सके।

अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सभी उड़ानें रद्द
नेपाल में त्रिभुवन अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सभी उड़ानें रद्द कर दी गईं। हवाई अड्डा प्राधिकरण ने असुविधा के लिए खेद व्यक्त किया है। कोटेश्वर के पास धुएं के गुबार के बाद दोपहर 12:45 बजे से अंतरराष्ट्रीय उड़ानें रोक दी गई हैं। बुद्ध एयर समेत घरेलू एयरलाइनों ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए सभी उड़ानें रद्द कर दी हैं।