2026 में गगनयान मिशन लॉन्च करने की योजना ;एस सोमनाथ .
2026 में गगनयान मिशन लॉन्च करने की योजना ;एस सोमनाथ
इसरो प्रमुख एस सोमनाथ के अनुसार, इसरो साल 2026 में गगनयान मिशन लॉन्च करने की योजना बना रहा है। वहीं चंद्रयान मिशन साल 2028 में लॉन्च किया जा सकता है।
इसरो प्रमुख एस सोमनाथ ने आकाशवाणी के एक कार्यक्रम के दौरान ये बातें कहीं उन्होंने कहा कि मानवयुक्त अंतरिक्ष मिशन गगनयान 2026 में लॉन्च होने की संभावना है। साथ ही चांद से सैंपल लेकर आने वाले मिशन चंद्रयान-4 को साल 2028 में लॉन्च किया जाएगा। वहीं भारत और अमेरिका के संयुक्त अभियान को साल 2025 में लॉन्च करने की योजना है।
इसरो प्रमुख ने कहा कि चंद्रयान-5 मिशन जापान की अंतरिक्ष एजेंसी के साथ मिलकर पूरा किया जाएगा। हालांकि अभी इसमें समय है और इसके साल 2028 के बाद ही लॉन्च होने की उम्मीद है। इसरो प्रमुख ने बताया कि चंद्रयान-5 मिशन इंसानों को चांद पर भेजने के लिहाज से बेहद अहम होगा।
चंद्रयान-5 मिशन के तहत जो रोवर भेजा जाएगा, वो करीब 350 किलो का होगा। इससे पहले चंद्रयान-3 मिशन में जो रोवर भेजा गया था, वो सिर्फ 27 किलो का था। चंद्रयान-5 मिशन का लैंडर इसरो बनाएगा, वहीं रोवर, जो 350 किलो का होगा, वह जापान द्वारा बनाया जाएगा।भारतीय अंतरिक्ष एजेंसी की योजना साल 2040 तक चांद पर इंसानी मिशन भेजने की है।