एआई इम्पैक्ट सम्मेलन में हंगामा: युवा कांग्रेस अध्यक्ष उदय भानु चिब गिरफ्तार, जांच के लिए विशेष दल गठित.
एआई इम्पैक्ट सम्मेलन में हंगामा: युवा कांग्रेस अध्यक्ष उदय भानु चिब गिरफ्तार, जांच के लिए विशेष दल गठित
नई दिल्ली में आयोजित एआई इम्पैक्ट सम्मेलन के दौरान हुए विरोध प्रदर्शन के मामले में दिल्ली पुलिस ने भारतीय युवा कांग्रेस के अध्यक्ष उदय भानु चिब को गिरफ्तार कर लिया है। इस प्रकरण में अब तक कुल आठ गिरफ्तारियां हो चुकी हैं।
इससे पहले सोमवार को तीन अन्य आरोपियों—जितेंद्र यादव, राजा गुर्जर और अजय कुमार—को ग्वालियर से गिरफ्तार किया गया था। वहीं, विरोध प्रदर्शन वाले दिन युवा कांग्रेस के चार कार्यकर्ताओं को भी हिरासत में लिया गया था। इन सभी के खिलाफ तिलक मार्ग थाने में मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार, शुक्रवार को युवा कांग्रेस के कुछ कार्यकर्ता सम्मेलन स्थल के हॉल संख्या-पांच की लॉबी में पहुंच गए और अपनी कमीजों के नीचे पहनी हुई नारों वाली टी-शर्ट उतारकर नारेबाजी करने लगे।
पुलिस सूत्रों का दावा है कि कुछ प्रदर्शनकारियों ने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की भी की। मामले की गंभीरता को देखते हुए वित्तीय लेन-देन की भी जांच की जा रही है।
22 फरवरी को पुलिस ने आरोपी और युवा कांग्रेस नेता कृष्ण हरि की गाड़ी से नारे लिखी टी-शर्ट और पोस्टर बरामद किए। टी-शर्ट पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प की तस्वीरें भी छपी हुई बताई गई हैं।
इससे पहले बिहार से युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव कृष्ण हरि, बिहार के राज्य सचिव कुंदन यादव, उत्तर प्रदेश के राज्य अध्यक्ष अजय कुमार और तेलंगाना से नरसिम्हा यादव को गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस का कहना है कि सभी ने कार्यक्रम में प्रवेश के लिए ऑनलाइन पंजीकरण कराया था।
मामले की गहन जांच के लिए विशेष जांच दल का गठन किया गया है।पुलिस का कहना है कि पूरे घटनाक्रम की हर पहलू से जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।