गाजा शांति योजना पर ट्रंप–नेतन्याहू की अहम मुलाकात: निरस्त्रीकरण से पुनर्निर्माण तक.
गाजा शांति योजना पर ट्रंप–नेतन्याहू की अहम मुलाकात: निरस्त्रीकरण से पुनर्निर्माण तक
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने फ्लोरिडा में इजराइल के प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू से मुलाकात की। बैठक के बाद ट्रंप ने कहा कि वह गाजा पीस प्लान के दूसरे चरण तक “बहुत जल्द” पहुँचने की उम्मीद कर रहे हैं। साथ ही उन्होंने चेतावनी दी कि यदि हमास ने जल्द हथियार नहीं डाले, तो उसे “गंभीर नतीजों” का सामना करना पड़ेगा।

20 सूत्रीय शांति योजना में हमास के निरस्त्रीकरण की शर्त शामिल है। नेतन्याहू के साथ संयुक्त प्रेस कॉन्फ़्रेंस में ट्रंप ने दावा किया कि इजराइल ने योजना का “100 फीसदी पालन” किया है। हालांकि, इन दावों के बावजूद गाजा में इजराइली सेना के हमले जारी रहने की खबरें सामने आ रही हैं।
ट्रंप ने यह भी कहा कि अगर ईरान अपने बैलिस्टिक मिसाइल या परमाणु हथियार कार्यक्रम को दोबारा आगे बढ़ाता है, तो अमेरिका उसके खिलाफ एक और बड़े हमले का समर्थन कर सकता है।
गाजा के पुनर्निर्माण पर बोलते हुए अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा कि यह प्रक्रिया “बहुत जल्दी” शुरू हो सकती है। गाजा पीस प्लान अक्तूबर में लागू हुई थी। इसके दूसरे चरण के तहत गाजा में एक टेक्नोक्रेटिक सरकार का गठन, हमास का निरस्त्रीकरण और इजराइली सैनिकों की वापसी प्रस्तावित है। इसके बाद पुनर्निर्माण की व्यापक प्रक्रिया शुरू होगी।
हमास द्वारा संचालित स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, सीजफायर लागू होने के बाद से अब तक गाजा में इजराइली सैन्य कार्रवाई में कम से कम 414 फिलिस्तीनी मारे जा चुके हैं।