वॉशिंगटन डीसी गोलीकांड के बाद ट्रंप प्रशासन सख़्त, अप्रवासियों पर कड़ी जांच—अफगानों को वीजा जारी करना भी रुका.
वॉशिंगटन डीसी गोलीकांड के बाद ट्रंप प्रशासन सख़्त, अप्रवासियों पर कड़ी जांच—अफगानों को वीजा जारी करना भी रुका
अमेरिका में वॉशिंगटन डीसी में गोलीबारी की घटना के बाद ट्रंप प्रशासन ने अप्रवासियों के खिलाफ जांच को तेज और सघन कर दिया है। इसके साथ ही अमेरिकी विदेश विभाग ने अफगान नागरिकों को वीजा जारी करने पर रोक लगाने का ऐलान किया है। प्रशासन ने विदेशी नागरिकों को दी जाने वाली सभी शरण संबंधी मंज़ूरियों पर भी अस्थायी रोक लगा दी है।
यूएससीआईएस के डायरेक्टर जोसेफ एडलो ने एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि यह रोक तब तक लागू रहेगी, जब तक सुनिश्चित न हो जाए कि हर विदेशी नागरिक की अधिकतम स्तर की जांच और स्क्रीनिंग पूरी हो चुकी है। एडलो ने लिखा, अमेरिकी जनता की सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।
बुधवार को व्हाइट हाउस से कुछ ब्लॉक दूर हुई गोलीबारी में नेशनल गार्ड के दो सदस्यों को निशाना बनाया गया था। इनमें से एक गार्ड की मौत हो गई। इस घटना में एक अफ़गान नागरिक को संदिग्ध के रूप में हिरासत में लिया गया है।
एडलो का यह कदम राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा थर्ड वर्ल्ड देशों से आने वाले लोगों पर रोक लगाने की टिप्पणी के कुछ घंटे बाद सामने आया है।