अमेरिकी ठिकानों पर हमले की खबरें बेबुनियाद: ईरान ने आरोपों को बताया भड़काऊ अमेरिकी नीति.
अमेरिकी ठिकानों पर हमले की खबरें बेबुनियाद: ईरान ने आरोपों को बताया भड़काऊ अमेरिकी नीति
ईरान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बकई ने उन रिपोर्ट्स को सिरे से खारिज कर दिया है, जिनमें दावा किया गया था कि ईरान क्षेत्र में अमेरिकी ठिकानों पर हमले की तैयारी कर रहा है।
बकई ने इन खबरों को क्षेत्र को अस्थिर करने की अमेरिकी नीति करार दिया। उन्होंने कहा कि ऐसे दावे तनाव बढ़ाने की कोशिश हैं और इनका कोई वास्तविक आधार नहीं है।
ईरानी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने साफ शब्दों में चेतावनी देते हुए कहा, “यह पूरी तरह स्पष्ट है कि ईरान किसी भी आक्रामक कदम का पूरी ताकत और शक्ति के साथ जवाब देगा।
ईरान की यह प्रतिक्रिया अमेरिकी विदेश विभाग के एक सोशल मीडिया पोस्ट के बाद सामने आई है। अमेरिकी विदेश विभाग ने एक्स पर लिखा था, हमें ऐसी खबरें मिली हैं कि इस्लामिक गणराज्य अमेरिकी ठिकानों को निशाना बनाने के विकल्पों की तैयारी कर रहा है।”
अमेरिकी विदेश विभाग ने आगे कहा, “जैसा कि राष्ट्रपति ट्रंप बार-बार ज़ोर देते रहे हैं, सभी विकल्प खुले हैं। अगर इस्लामी गणराज्य की सरकार अमेरिकी संपत्तियों पर हमला करती है, तो उसे एक बेहद शक्तिशाली प्रतिक्रिया का सामना करना पड़ेगा… राष्ट्रपति ट्रंप के साथ खिलवाड़ मत करिए।”