ओमान के सलालाह बंदरगाह पर ईरान का ड्रोन हमला, तेल टैंकों को बनाया निशाना.
ओमान के सलालाह बंदरगाह पर ईरान का ड्रोन हमला, तेल टैंकों को बनाया निशाना
ईरान ने ओमान के सलालाह बंदरगाह पर तेल भंडारण टैंकों को निशाना बनाते हुए ड्रोन हमला किया है। ब्रिटेन की समुद्री सुरक्षा कंपनी एम्ब्रे ने इस हमले की पुष्टि की है। हालांकि बताया गया है कि बंदरगाह के पास मौजूद व्यापारिक जहाजों को कोई नुकसान नहीं पहुंचा है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक ईरान ने एक साथ कई ड्रोन सलालाह बंदरगाह की ओर भेजे। हमले के बाद बंदरगाह क्षेत्र से काले धुएं का गुबार उठता दिखाई दिया। इस घटना के कुछ वीडियो भी सामने आए हैं।
बताया जा रहा है कि यह हमला अमेरिका और इजराइल की ओर से जारी सैन्य कार्रवाई के जवाब में किया गया है। खाड़ी क्षेत्र में ऊर्जा से जुड़े ठिकानों को निशाना बनाना ईरान की युद्ध रणनीति का हिस्सा माना जाता है।
हमले के बाद ओमान के सुल्तान हैथम बिन तारिक अल सईद ने ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियान से बातचीत की और ओमान के क्षेत्र पर हो रहे हमलों को लेकर कड़ी असहमति और निंदा जताई।
ओमान के सुल्तान ने साफ शब्दों में कहा कि देश अपनी सुरक्षा और स्थिरता बनाए रखने के लिए हर जरूरी कदम उठाएगा।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार यह हमला उस समय हुआ जब ओमान के सुल्तान ने हाल ही में ईरान के नए सर्वोच्च नेता के रूप में नियुक्त अयातुल्ला मोजतबा खामेनेई को बधाई संदेश भेजा था। अपने संदेश में उन्होंने उनके लिए सुरक्षा और सफलता की कामना भी की थी।
इसी बधाई संदेश के कुछ समय बाद सलालाह बंदरगाह पर हुए इस हमले ने पूरे क्षेत्र में तनाव और चिंता को और बढ़ा दिया है।