मुस्ताफिजुर रहमान को केकेआर से निकाले जाने से बौखलाई बांग्लादेश सरकार, आईपीएल के प्रसारण पर लगाया बैन.
ढाका। बीसीसीआई के निर्देश के बाद केकेआर की टीम से मुस्ताफिजुर रहमान को निकाले जाने से बांग्लादेश की सरकार बौखला गई है। बांग्लादेश सरकार इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीए) के सभी मैचों के प्रसारण पर तुरंत प्रभाव से रोक लगा दी है।
उल्लेखनीय है कि बीसीसीआई ने आईपीएल 2026 सीजन से पहले कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) को मुस्ताफिजुर रहमान को रिलीज करने का निर्देश दिया था। इसके बाद केकेआर ने रहमान को बाहर कर दिया। अब बांग्लादेस सरकार ने इस पर प्रतिक्रिया देते हुए आईपीएल के प्रसारण पर रोक लगा दी है। बांग्लादेश सरकार की ओर से जारी एक बयान में कहा गया कि इस विषय के संदर्भ में सूचित किया जाता है कि भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) द्वारा इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) क्रिकेट टूर्नामेंट- जो 26 मार्च 2026 से आयोजित होने वाला है, के लिए कोलकाता नाइट राइडर्स टीम से बांग्लादेश के स्टार खिलाड़ी मुस्ताफिजुर रहमान को बाहर किए जाने संबंधी एक निर्देश जारी किया गया है। भारतीय क्रिकेट बोर्ड के इस फैसले के पीछे कोई भी कारण नहीं दिया गया है। इस निर्णय से बांग्लादेश की जनता आहत और दुखी है। इन परिस्थितियों में अगले आदेश तक निर्देशानुसार इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के सभी मैचों और कार्यक्रमों के प्रसारण/टेलीकास्ट को रोकने का निर्देश दिया जाता है।
मुस्ताफिजुर विवाद का असर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट पर भी दिखने लगा है। बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (बीसीबी) ने इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (आईसीसी) को पत्र लिखकर अनुरोध किया है कि 2026 टी20 वर्ल्ड कप में भारत में होने वाले उसके मैचों को श्रीलंका शिफ्ट किया जाए। बीसीबी का कहना है कि मौजूदा हालात में भारत में खिलाड़ियों की सुरक्षा और निष्पक्षता को लेकर भरोसा नहीं रहा। बताया जा रहा है कि बांग्लादेश ने साफ कर दिया है कि वह फरवरी 2026 में होने वाले टी20 वर्ल्ड कप के लिए अपनी टीम भारत नहीं भेजेगा।