अमेरिकी हमले पर वेनेजुएला का बड़ा दावा: 40 लोगों की मौत, .
अमेरिकी हमले पर वेनेजुएला का बड़ा दावा: 40 लोगों की मौत,
वेनेजुएला के एक वरिष्ठ अधिकारी ने पहली बार अमेरिकी सैन्य हमले में मारे गए लोगों की संख्या का खुलासा किया है। नाम न बताने की शर्त पर अधिकारी ने बताया कि राष्ट्रपति निकोलस मादुरो को बंधक बनाने के लिए चलाए गए अमेरिकी ऑपरेशन में कुल 40 लोगों की मौत हुई है। इनमें सैन्यकर्मी और आम नागरिक दोनों शामिल हैं।

अमेरिका की ओर से किए गए इस हमले के बाद पहली बार जानमाल के नुकसान का आधिकारिक आंकड़ा सामने आया है। द न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार, शनिवार तड़के हुए इस बड़े सैन्य अभियान में भारी तबाही हुई।
रिपोर्ट में दावा किया गया है कि अमेरिका ने वेनेजुएला पर व्यापक पैमाने पर सैन्य कार्रवाई की। इस दौरान राष्ट्रपति निकोलस मादुरो और उनकी पत्नी सिलिया फ्लोरेस को राजधानी काराकास से हिरासत में लेकर देश से बाहर ले जाया गया।
इससे पहले अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक न्यूज चैनल से बातचीत में कहा था कि इस ऑपरेशन में अमेरिका की ओर से कोई मौत नहीं हुई, जबकि कुछ सैनिक घायल हुए हैं। ट्रंप ने इसे बेहद जटिल लेकिन पूरी तरह सफल अभियान बताया और अमेरिकी सेना की जमकर सराहना की।
ट्रंप ने कहा, “इतना जटिल ऑपरेशन होने के बावजूद हमारे पक्ष में कोई मौत नहीं होना वाकई हैरान करने वाला है। सेना का नेतृत्व और पेशेवर रवैया शानदार था।” उन्होंने बताया कि इस कार्रवाई में लड़ाकू विमान, हेलिकॉप्टर और कई अन्य सैन्य संसाधनों का इस्तेमाल किया गया और ऑपरेशन को बेहद सटीक तरीके से अंजाम दिया गया।