बांग्लादेश में एक और हिंदू युवक अमृत मंडल की हत्या, भीड़ ने पीट-पीट कर मार डाला, पुलिस ने लगाया जबरन वसूली का आरोप.
ढाका। बांग्लादेश से एक और हिन्दू युवक की हत्या की खबर आ रही है। भीड़ ने अमृत मंडल उर्फ सम्राट नामक एक युवक को पीट-पीट कर मार डाला। राजबाड़ी के पांग्शा इलाके में हुई इस हत्या को लेकर पुलिस ने दावा किया कि जबरन वसूली के आरोप में भीड़ ने अमृत मंडल की हत्या कर दी।
पुलिस के अनुसार अमृत मंडल ने कथित तौर पर सम्राट वाहिनी नाम से एक संगठन बनाया था और आसपास के इलाकों में जबरन वसूली को अंजाम देता था। वह अवामी लीग सरकार के दौरान भारत भाग गया और हाल ही में फिर से बांग्लादेश आया था। पुलिस का कहना है कि सम्राट के खिलाफ हत्या सहित दो मामले दर्ज थे। स्थानीय लोगों ने पुलिस को बताया कि सम्राट कथित तौर पर एक क्रिमिनल गैंग चला रहा था। अमृत मंडल उसी गांव का था, जहां उसकी मौत हुई। पुलिस ने अमृत मंडल को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया, लेकिन डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने इस मामले में सलीम नाम के युवक को हिरासत में लिया है।
इससे पहले दीपू चंद्र दास की हुई थी हत्या
बांग्लादेश में दीपू चंद्र दास की भीड़ ने पीट-पीटकर हत्या कर दी थी और बाद में उसके शव को आग के हवाले कर दिया था। पहले ये कहा गया कि उसे ईशनिंदा के आरोप में मारा गया, लेकिन बाद में पुलिस ने साफ किया कि उसे इस तरह का कोई सबूत नहीं मिला। दीपू दास की हत्या के बाद भारत समेत कई देशों में यूनुस सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किए गए।