बांग्लादेश में खालिदा जिया के बेटे तारिक रहमान की 17 साल बाद घर वापसी, स्वागत के लिए ढाका की सड़कों पर उतरे समर्थक.
नई दिल्ली। लंदन में 17 साल के निर्वासन के बाद बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) के कार्यवाहक अध्यक्ष तारिक रहमान अपनी पत्नी और बेटी के साथ गुरुवार को ढाका पहुंच गए हैं। उनके आगमन को लेकर पार्टी की ओर से व्यापक तैयारियां की गई हैं। समर्थक उनके स्वागत के लिए सड़कों पर उतर आए हैं।
रहमान की वापसी ऐसे समय में हुई है जब देश युवा नेता शरीफ ओसमान हादी की हत्या के बाद हुई हिंसा से जूझ रहा है। तारिक रहमान पूर्व प्रधानमंत्री खालिदा जिया के बेटे हैं और बीएनपी के प्रमुख चेहरा माने जाते हैं। पार्टी कार्यकर्ता उन्हें भव्य स्वागत देने की तैयारी में जुटे हैं। लाखों समर्थक सर्दी की ठंड को चुनौती देते हुए ढाका एयरपोर्ट और आसपास के इलाकों में जमा हो रहे हैं।
बांग्लादेश की सरकारी एयरलाइन की एक फ्लाइट तारिक रहमान, उनकी पत्नी डॉ. जुबैदा रहमान और बेटी जैमा रहमान को लेकर ढाका पहुंची। यह फ्लाइट पहले सिलहट के ओस्मानी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर रुकी, जहां सुबह करीब 10 बजे लैंडिंग हुई। इसके बाद ढाका के हजरत शाहजहां इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर पहुंची। एयरपोर्ट पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे।
हादी की मौत से गरमाया है माहौल
बांग्लादेश में इन दिनों युवा नेता शरीफ ओसमान हादी की मौत के बाद माहौल गरमाया हुआ है। हादी पिछले साल शेख हसीना सरकार के खिलाफ छात्र आंदोलन के प्रमुख चेहरों में से एक थे। 12 दिसंबर को ढाका में मस्जिद से निकलते समय नकाबपोश हमलावरों ने उन्हें गोली मार दी थी। गंभीर हालत में उन्हें सिंगापुर ले जाया गया, जहां 18 दिसंबर को उन्होंने दम तोड़ दिया।