श्रेयस अय्यर की पसलियों में चोट, सिडनी के अस्पताल में आईसीयू में भर्ती, कैच लेने के दौरान हो गए थे घायल.
सिडनी। भारतीय टीम के उपकप्तान श्रेयस अय्यर की पसलियों में गंभीर चोट आई है। यह चोट उन्हें ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीसरे वनडे में कैच के दौरान लगी थी। उन्हें सिडनी के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां आईसीयू में उनका इलाज चल रहा है।
बताया जा रहा है कि इंटरनल ब्लीडिंग का पता लगने के बाद उन्हें अस्पताल में तुरंत भर्ती करवाना पड़ा। रिकवरी के आधार पर उन्हें 2 से 7 दिनों तक के लिए ऑब्जरवेशन में रखा जाएगा क्योंकि ब्लीडिंग से इन्फेक्शन को फैलने से रोकना जरुरी था।

यह घटना तब हुई जब अय्यर बैकवर्ड पॉइंट पर खड़े थे, एलेक्स कैरी का एक शार्ट हवा में गया। इस पर अय्यर उल्टा दौड़े और डाइव लगाकर शानदार कैच पकड़ा। इस दौरान उनकी पसलियों में चोट लग गई। वह मैदान पर गिर गए, दर्द से कराह रहे थे। ड्रेसिंग रूम ले जाते समय अय्यर का तापमान, पल्स रेट, ब्लड प्रेशर अनियंत्रित हो रहा था। उन्हें सांस लेने में भी दिक्कत आने लगी, जिसके बाद बीसीसीआई की मेडिकल टीम उन्हें हॉस्पिटल लेकर गई। बताया जा रहा है कि इंटरनल ब्लीडिंग के कारण उन्हें अब रिकवरी में अधिक समय लगेगा।