सिडनी में रोहित शर्मा और विराट कोहली ने तोड़े कई रिकॉर्ड, कई दिग्गज खिलाड़ियों को पछाड़ा.
नई दिल्ली। सिडनी में रोहित शर्मा और विराट कोहली की नाबाद 168 रनों की पार्टनरशिप ने भारत को ऑस्ट्रेलिया पर 9 विकेट से जीत दिलाई तो दिलाई ही दोनों खिलाड़ियों ने कई रिकॉर्ड भी ध्वस्त कर दिए। रोहित 121 रन और विराट 74 रन बनाकर नाबाद लौटे। विराट-रोहित की दमदार पारियों की बदौलत टीम इंडिया ने 69 गेंद शेष रहते 237 रनों का लक्ष्य प्राप्त कर लिया था।
वनडे क्रिकेट में सबसे ज़्यादा 51 शतक और 74 अर्द्धशतकों के मालिक विराट कोहली ने ऑस्ट्रेलिया में अपनी आखिरी पारी भी नाबाद 74 रनों ( रन 74, गेंद 81, मिनट 111, चौके 7, छक्का 0 और स्ट्राइक रेट 91.35) की खेली और सिडनी उनकी अमर यादों का हिस्सा बन गया। इस दौरान विराट ने वाइट बॉल क्रिकेट में सचिन तेंदुलकर के 18436 को पार 18,443 रन ( वनडे में 14255 और टी-20 में 4188 रन) बनाए। कोहली वनडे अंतरराष्ट्रीय में सफल रन चेज़ के दौरान 6,000 रन बनाने वाले पहले खिलाड़ी हैं। 108 वनडे मैचों (कुल 305 वनडे) में सफलता के साथ लक्ष्य का पीछा करते हुए विराट कोहली ने 6072 रन बना लिए। इस दौरान विराट ने करीब 97 के स्ट्राइक रेट से 24 शतक और 27 अर्द्धशतकीय पारियां भी खेलीं। सिडनी को मिलाकर लक्ष्य का कामयाबी से पीछा करते हुए 34 बार नॉट आउट भी रहे.।
विराट कोहली अब वनडे में दूसरे सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। उन्होंने कुमार संगाकार को पीछे छोड़ा है। कुमार संगकारा के नाम वनडे में 14234 रन हैं। कोहली को उन्हें पीछे छोड़ने के लिए इस मैच में 54 रन बनाने थे और जैसे ही उन्होंने ऐसा किया। वनडे में सबसे अधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर हैं। सचिन ने 452 पारियों में 18426 रन बनाए हैं। रोहित शर्मा और विराट कोहली की जोड़ी ने सिडनी में नाबाद 168 रनों की पार्टनरशिप की और एक और अनोखा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। इस की जोड़ी ने वनडे क्रिकेट में 12वीं बार 150 से ज़्यादा रनों की साझेदारी खेली।