मध्यप्रदेश भाजपा के सह प्रभारी सतीश उपाध्याय पर यौन शोषण का आरोप, आप नेता सोमनाथ भारती ने डीजीपी को लिखी चिट्ठी, सबूत तलाशने भोपाल आए.


भोपाल। मध्यप्रदेश भाजपा के प्रदेश सह प्रभारी और दिल्ली के विधायक सतीश उपाध्याय पर आप नेता सोमनाथ भारती ने एक आदिवासी महिला के यौन शोषण का आरोप लगाया है। भारती ने एमपी के डीजीपी को इस संबंध में एक एक चिट्ठी लिखी है। इसमें आदिवासी महिला के गायब होने की जानकारी देकर भारती ने उसकी सुरक्षा की मांग की है। भारती इस मामले के सबूत जुटाने भोपाल आए थे।
डीजीपी कैलाश मकवाना को लिखे पत्र में भारती ने कहा है कि वे 10 सालों तक दिल्ली के मालवीय नगर से विधायक रहे हैं। पिछले चुनाव में मामूली अंतर से सतीश उपाध्याय से हार गए थे। उन्होंने हाईकोर्ट में एक याचिका लगाई है, जिसमें यह कहा गया है कि उपाध्याय ने एमपी में अपने खिलाफ चल रहे एक केस की जानकारी छिपाई है। भारती के पास ऐसे साक्ष्य नहीं हैं, जिससे वे हाईकोर्ट को बता सकें कि भाजपा की महिला कार्यकर्ता ने यौन शोषण की शिकायत थाने में की है। वे शिकायत की जानकारी लेने और साक्ष्य जुटाने भोपाल आए थे।
डीजीपी से मांगी जानकारी
भारती ने आरोप लगाया है कि उपाध्याय ने एमपी में पार्टी की ही एक महिला कार्यकर्ता का यौन शोषण किया था। डीजीपी को लिखी गई चिट्ठी में उन्होंने बताया कि कोर्ट ने उपाध्याय के खिलाफ लगाए गए आरोपों की जानकारी मांगी है और मामले की सुनवाई 8 अप्रैल को होनी है। इसलिए वे जानना चाहते हैं कि संबंधित केस किस थाने में दर्ज है।
भारती ने जारी किया वीडियो
आप नेता सोमनाथ भारती ने भोपाल प्रवास के दौरान डीजीपी से मुलाकात के बाद एक वीडियो भी जारी किया है। जिसमें वे कहते हैं कि चाल, चरित्र और चेहरा की बात करने वाली भाजपा इस मामले में क्या कदम उठाती है, यह देखने वाली बात होगी। उन्होंने कहा कि उन्होंने डीजीपी से मिलकर महिला की सुरक्षा की भी मांग की है। भारती ने सवाल उठाया कि बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ का नारा देने वाली बीजेपी अब इस बेटी की सुरक्षा के लिए क्या करती है?
उपाध्याय ने आरोप बेबुनियाद बताए
सतीश उपाध्याय ने सोमनाथ भारती के आरोपों पर अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा है कि 'सोमनाथ भारती के लगाए आरोप बेबुनियाद और मनगढ़ंत हैं। उन्हें कुछ नहीं मिला तो कुछ भी आरोप लगा रहे हैं। मध्य प्रदेश भाजपा ने भी इस तरह की किसी घटना से इनकार किया है।