राजा रघुवंशी मर्डर केस में ग्वालियर से पकड़ा गया लोकेंद्र 72 घंटे की ट्रांजिट रिमांड पर, इसी के फ्लैट में रुकी थी सोनम.
इंदौर। हनीमून मनाने शिलांग गए राजा रघुवंशी की हत्या के मामले में शिलांग पुलिस ने आठवें आरोपी लोकेंद्र तोमर के ग्वालियर से पकड़ा था। पुलिस को मंगलवार को लोकेंद्र की 72 घंटे की ट्रांजिट रिमांड मिली है। मर्डर के बाद इंदौर आकर लोकेंद्र के फ्लैट में ही रुकी थी।
शिलांग पुलिस ने लोकेंद्र को सोमवार को ग्वालियर से गिरफ्तार किया था। मंगलवार को शिलॉन्ग एसआईटी ने उसे कोर्ट में पेश किया। जहां से 72 घंटे की ट्रांजिट रिमांड मिली है। शिलांग पुलिस लोकेंद्र को इंदौर लाएगी। इसके बाद इसे सिलांग ले जाया जाएगा। शिलांग में उसे कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा।
7 जून तक लोकेंद्र के फ्लैट में थी सोनम
राजा की हत्या के बाद इंदौर आई सोनम लोकेंद्र की बिल्डिंग के फ्लैट में 30 मई से 7 जून तक रुकी थी। उसने ये बिल्डिंग शिलोम जेम्स को किराए पर दी थी। पुलिस सोमवार शाम करीब 4.30 बजे ग्वालियर के गांधीनगर में एमके प्लाजा के फ्लैट नंबर 105 में पहुंची थी और वहां से लोकेंद्र को अपने साथ ले गई थी।
क्राइम ब्रांच के अफसर अब नहीं बोलेंगे
अब इस मामले में इंदौर क्राइम ब्रांच के अफसर अपना मुंह नहीं खोलेंगे। दरअसल इस मामले में इंदौर क्राइम ब्रांच के अफसर भी लगातार बयान दे रहे थे, जो शिलांग पुलिस के बयान से कई बार अलग भी साबित हुआ। जब शिलॉन्ग डीजीपी इदाशीशा नोंगरांग को इसकी जानकारी लगी तो उन्होंने एमपी के डीजीपी कैलाश मकवाना से बात की। उन्होंने इंदौर कमिश्नर संतोष सिंह तक मामले की जानकारी पहुंचाई। बताया जाता है कि इसके बाद वरिष्ठ अफसरों ने क्राइम ब्रांच को पटकार लगाई है।