महू के पास इंदौर-इच्छापुर नेशनल हाइवे पर निर्माणाधीन सुरंग का हिस्सा गिरा, दो मजदूरों की मौत.
इंदौर। महू के पास इंदौर-इच्छापुर नेशनल हाइवे पर निर्माणाधीन सुरंग का एक हिस्सा भरभराकर गिर गया। इसके मलबे में दबकर दो मजदूरों की मौत हो गई। हादसा बुधवार सुबह करीब 4 बजे हुआ। अधिकारी इसका कारण बारिश बता रहे हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार इस हादसे में झारखंड निवासी विकास राय (29) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सिंगरौली निवासी लालजी कौल की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। सिमरोल थाना प्रभारी अमित कुमार के मुताबिक, हादसा टनल नंबर 3 में हुआ। इसका काम हैदराबाद की मेघा इंजीनियरिंग एंड कंस्ट्रक्शन कंपनी कर रही है। सुरंग ढहने से जान गंवाने वाला विकास राय झारखंड में गिरिडीह जिले के झोंका वर्मासिया का रहने वाला था। शव पोस्टमॉर्टम के लिए इंदौर के जिला अस्पताल भेजा गया है। एक अन्य मजदूर लालजी कौल को गंभीर रूप से घायल होने के बाद इंदौर में तेजाजी नगर के जीवन ज्योति हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। यहां से एमवाय अस्पताल रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
चोरल नदी के पास बन रही है सुरंग
उल्लेखनीय है कि इंदौर-इच्छापुर नेशनल हाइवे पर चोरल नदी के पास दो सुरंगें बनाई जा रही हैं। पहली सुरंग 500 और दूसरी 300 मीटर लंबी होगी। इनसे हाइवे पर मोड़ की संख्या घटेगी। इसके कारण हादसों की संख्या में कमी आएगी।