इंदौर में ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी ने खुद को मारी गोली, डेढ़ साल पहले लव मैरिज की थी, पत्नी से विवाद की बात आ रही सामने.
इंदौर। इंदौर में ड्यूटी पर तैनात एक 28 वर्षीय अनुराग भागोर नामक पुलिसकर्मी ने शुक्रवार सुबह खुद को गोली मार ली। घटना द्वारिकापुरी इलाके में दिग्विजय मल्टीस्टोरी बिल्डिंग के एक फ्लैट की है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच की जा रही है।
बताया जाता है कि घटना के समय अनुराग के साथ सिपाही मोहित भी मौजूद था। उसने बताया कि अनुराग ड्यूटी के दौरान आ रहे फोन कॉल्स रिसीव नहीं कर रहा था। शुरुआती जांच में पत्नी से विवाद की बात सामने आई है। अनुराग की डेढ़ साल पहले लव मैरिज हुई थी। पत्नी रानू धार के माड़व की रहने वाली है। अनुराग, अलीराजपुर का निवासी था। द्वारिकापुरी थाने से पहले वह सर्राफा थाने में था।
द्वारकापुरी पुलिस के मुताबिक घटना दिग्विजय मल्टी की है, जहां 28 वर्षीय सिपाही अनुराग ने खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। अनुराग अलीराजपुर के भागोर का निवासी था। इससे पहले वह सराफा थाने में पदस्थ था।
परिवार में बड़ा भाई अविनाश और छोटा भाई देवेंद्र है। अनुराग मंझला था। पिता वेटरिनरी डिपार्टमेंट से रिटायर्ड हैं। जिस बिल्डिंग में अनुराग ने खुदकुशी की, वह इंदौर डेवलपमेंट अथॉरिटी (आईडीए) की है। यहां अक्सर नशाखोरी और विवाद सामने आते हैं, इसलिए पुलिस की ड्यूटी लगाई जाती है। अनुराग भी ड्यूटी पर तैनात था।
पत्नी से विवाद की बात आ रही है सामने
अनुराग की पत्नी के भाई को 7 दिन पहले करंट लगा था। अरबिंदो हॉस्पिटल में उसका उपचार चल रहा है। परिजन के मुताबिक सर्राफा से द्वारकापुरी थाने में ट्रांसफर के बाद अनुराग की ड्यूटी का समय बढ़ गया था वह अपने घर-अस्पताल नहीं जा पा रहा था। पत्नी अरबिंदो अस्पताल में मायके पक्ष के लोगों के साथ ही थी। बताया जाता है कि इसको लेकर पत्नी से विवाद चल रहा था।