23 महीने बाद जेल से निकले आजम खान, बसपा में जाने की अटकलों के बीच अखिलेश यादव का भी आया बयान.


लखनऊ। समाजवादी पार्टी के नेता आजम खां 23 माह बाद मंगलवार दोपहर सवा बारह बजे जिला कारागार से रिहा हुए। सोमवार शाम करीब छह बजे उनकी रिहाई का परवाना जिला कारागार पहुंचा था। जेल मैन्युल के अनुसार उन्हें देर शाम छोड़ा नहीं जा सकता था। इस वजह से मंगलवार सुबह 7 बजे से 8 बजे का वक्त रिहाई के लिए तय हुआ।
सीतापुर जेल से रिहा होने के बाद आजम खान ने पत्रकारों से बातचीत में कहा-पत्ता पत्ता बूटा बूटा हाल हमारा जाने है। जब उनसे बहुजन समाज पार्टी (बसपा) में शामिल होने की अटकलों के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने कहा कि वह इस पर कुछ नहीं कह सकते। उन्होंने आगे बताया कि वह फिलहाल अपना इलाज करवाएंगे और अपनी सेहत पर ध्यान देंगे। इसके बाद ही वह तय करेंगे कि उन्हें आगे क्या करना है।
अखिलेश ने कहा-सरकार आई तो मुकदमे वापस होंगे
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने आजम खान की रिहाई पर कहा कि जिस तरह मुख्यमंत्री जी (योगी आदित्यनाथ) ने अपने मुकदमे वापस लिए हैं... न सिर्फ अपने बल्कि उप मुख्यमंत्री (केशव प्रसाद मौर्य) और तमाम भाजपा नेताओं के मुकदमे भी वापस लिए गए हैं, उसी तरह सपा की सरकार आई तो आजम खां साहब पर दर्ज सभी झूठे मुकदमे वापस लिए जाएंगे। अखिलेश यादव ने कहा कि आजम खां न केवल सपा के संस्थापक सदस्य हैं बल्कि उन्होंने समाजवादी आंदोलन में भी अहम भूमिका निभाई है। वो हमारे साथ हैं।