राजस्थान; झालावाड़ में स्कूल की छत गिरने से बड़ा हादसा, 4 बच्चों की मौत, कई घायल.
राजस्थान; झालावाड़ में स्कूल की छत गिरने से बड़ा हादसा, 4 बच्चों की मौत, कई घायल
राजस्थान के झालावाड़ जिले के पिपलोदी गांव में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हुआ, जब एक सरकारी स्कूल की छत अचानक गिर गई। हादसा उस वक्त हुआ जब स्कूल परिसर में प्रार्थना सभा चल रही थी। छत गिरने से पूरे परिसर में अफरा-तफरी मच गई और करीब 20 से अधिक बच्चों के मलबे में दबे होने की आशंका जताई जा रही है।

अब तक मिली जानकारी के अनुसार, चार बच्चों की मौत हो चुकी है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंच गई। राहत एवं बचाव कार्य तेजी से जारी है और मलबे में दबे बच्चों को बाहर निकालने के प्रयास किए जा रहे हैं।
स्थानीय ग्रामीण भी रेस्क्यू में सक्रिय रूप से शामिल हैं और मलबा हटाने में प्रशासन की मदद कर रहे हैं। बताया जा रहा है कि हादसा झालावाड़ जिले के मनोहर थाना क्षेत्र के पिपलोदी गांव में हुआ, जहां स्कूल की छत पिछले कुछ समय से जर्जर हालत में थी। लगातार हो रही भारी बारिश के कारण छत के गिरने की आशंका पहले से जताई जा रही थी।
हादसे के समय सभी बच्चे अपनी कक्षा में पढ़ाई कर रहे थे। मलबे में दबे ज़्यादातर बच्चे 7वीं कक्षा के हैं। गंभीर रूप से घायल बच्चों को झालावाड़ जिला अस्पताल में रेफर किया गया है। स्थिति बेहद गंभीर बनी हुई है और राहत कार्य युद्ध स्तर पर जारी है।