पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी का बड़ा आरोप-अल्पसंख्यकों में फूट डालने की कोशिश कर रही है भाजपा.
कोलकाता। पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी ने एसआईआर तथा अन्य मुद्दों पर एक बार फिर भाजपा पर निशाना साधा है। ममता ने भाजपा पर अल्पसंख्यकों में फूट डालने का आरोप लगाया। उन्होंनेअल्पसंख्यकों से कहा कि कृपया एकजुट हो जाएं। भाजपा अपने पैसे की ताकत से आपको बांटने की कोशिश कर रही है।
ममता बनर्जी सोमवार को नेताजी इनडोर स्टेडियम में तृणमूल कांग्रेस के बूथ स्तरीय कार्यकर्ताओं की बैठक को संबोधित कर रही थीं। उन्होंने स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (एसआईआर) को भी भारी खामियों वाला बताया। इस दौरान ममता बनर्जी ने कहा कि नेता नहीं, केवल जमीनी स्तर के तृणमूल कार्यकर्ता ही भाजपा को बंगाल में पैर जमाने से रोक सकते हैं।
चुनाव आयोग पर लगाया आरोप
ममता ने एसआईआर का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि राज्य में मतदाता सूचियों की अब तक की गई एसाईआर प्रक्रिया के बाद पब्लिश की गई ड्रॉफ्ट सूची में कई खामियां हैं। उन्होंने निर्वाचन आयोग पर यह भी आरोप लगाया कि वो राज्य सरकार को सूचित किए बगैर पर्यवेक्षकों की नियुक्ति कर रहा है, साथ ही वो भाजपा के फायदे के लिए काम कर रहा है। उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग केवल भाजपा के निर्देशों पर काम कर रहा है। हजारों सही मतदाताओं के नाम मसौदा सूचियों से हटा दिए गए हैं।