पुडुचेरी से प्रधानमंत्री मोदी ने कांग्रेस और डीएमके पर साधा निशाना, 2700 करोड़ रुपए की परियोजनाओं की दी सौगात.
पुडुचेरी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार को पुडुचेरी में थे। पीएम ने करीब 2700 करोड़ रुपए की सौगात पुडुचेरी को दी। इस दौरान एक सभा को संबधित करते हुए उन्होंने कांग्रेस और डीएमके पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने पुडुचेरी को दिल्ली में बैठे एक परिवार का एटीएम बना दिया था।
पीएम मोदी ने कहा कि जब डीएमके की बात आती है, तो आप तमिलनाडु में भी हो रहे घोटालों की लंबी सूची देख सकते हैं। कांग्रेस और डीएमके पुडुचेरी की विकास यात्रा में स्पीड ब्रेकर बन गए थे। अब, वही ताकतें फिर से सत्ता की भूखी हैं। क्या पुडुचेरी को भ्रष्टाचार और अपराध के उस दौर में वापस जाना चाहिए? मुझे यकीन है कि पुडुचेरी के लोग ऐसा नहीं चाहते।
पीएम मोदी ने कहा कि डबल इंजन सरकार की ओर से किए जा रहे अच्छे कार्यों का जश्न मनाना महत्वपूर्ण है, लेकिन यह याद रखना भी जरूरी है कि पहले हालात कैसे थे। कांग्रेस-डीएमके शासन के दौरान पुडुचेरी के लोगों ने भारी कष्ट झेले। वे साल राजनीतिक अस्थिरता, भ्रष्टाचार, अपराध और गरीबों की तकलीफ से भरे थे। राशन की दुकान में चावल नहीं थे, सैलरी देर से मिलती थी, गुंडों और ड्रग माफिया का सड़कों पर राज था।