दिल्ली दरबार में मध्यप्रदेश की सियासत : सीएम यादव ने की प्रदेश अध्यक्ष खंडेलवाल के साथ गृह मंत्री से मुलाकात, हाजिरी भरने विजयवर्गीय और पटेल भी पहुंचे.
भोपाल। शनिवार का दिन मध्यप्रदेश की राजनीति में अटकलों का बाजार गर्म कर गया। पहले सीएम डॉ.मोहन यादव और प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल की गृह मंत्री अमित साह और राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन से मुलाकात की खबरें आईं। इसके बात पता चला कि मंत्री प्रहलाद पटेल और कैलाश विजयवर्गीय भी दिल्ली में हाजिरी भर रहे थे।
सूत्र बताते हैं कि सीएम डॉ. मोहन यादव और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन से मुलाकात के दौरान एमपी से राष्ट्रीय कार्यकारिणी में शामिल होने वाले नेताओं के नामों पर चर्चा की। इसके साथ ही मध्यप्रदेश संगठन में होने वाले बदलावों पर भी बात हुई। हालांकि सीएम डॉ. मोहन यादव ने अमित शाह से मुलाकात की तस्वीर शेयर करते हुए लिखा- आज नई दिल्ली में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह से भेंट कर भोपाल में यूनियन कार्बाइड की भूमि पर गैस काण्ड स्मारक निर्माण के संबंध में मार्गदर्शन प्राप्त किया। इस अवसर पर उज्जैन में विक्रमोत्सव के भव्य आयोजन की जानकारी दी और नक्सल मुक्त होने के बाद बालाघाट में आयोजित बैगा महोत्सव में सादर आमंत्रित किया।
मंत्रिमंडल में उठापटक की चर्चा जोरों पर
सूत्र बताते हैं कि दो महीने के अंदर मोदी मंत्रिमंडल के साथ ही मध्यप्रदेश कैबिनेट का भी विस्तार होना है। ऐसे में मध्यप्रदेश से केंद्र में जा सकते हैं। इसी तरह सीएम डॉ.मोहन यादव भी अपने मंत्रिमंडल में फेरबदल करने वाले हैं। माना जा रहा है कि इसमें कई मंत्रियों की छुट्टी हो सकती है। बताया जाता है कि अमति शाह ने दोनों से प्रदेश की राजनीतिक स्थितियों को लेकर फीडबैक लिया है।
निगम-मंडलों में नियुक्ति के लिए मांगी हरी झंडी
उल्लेखनीय है कि मध्यप्रदेश में लंबे समय से निगम, मंडल और प्राधिकरणों में नियुक्तियां अटकी हुई है। पहले प्रदेश अध्यक्ष की नियुक्ति का इंतजार था। जब प्रदेश अध्यक्ष की नियुक्ति हो गई तो राष्ट्रीय अध्यक्ष का इंतजार होने लगा। अब संगठन के पास कोई बहाना नहीं बचा और दावेदार पूरी ताकत लगा रहे हैं। ऐसे में चर्चा है कि इस मुलाकात में इन नियुक्तियों को लेकर भी चर्चा हुई है। बताया जा रहा है कि जल्द ही राजनीतिक नियुक्तियों की घोषणा कर दी जाएगी।
चर्चा में पटेल और विजयवर्गीय की मुलाकात
सीएम और प्रदेश अध्यक्ष के मुलाकातों पर चर्चा अभी चल ही रही थी कि सोशल मीडिया पर दो और तस्वीरें तैर गईं। इनमें से एक में कैलाश विजयवर्गीय और दूसरे में प्रहलाद पटेल गृह मंत्री अमित शाह के साथ नजर आ रहे थे। विजयवर्गीय ने अमित शाह के साथ फोटो शेयर करते हुए लिखा- आज दिल्ली प्रवास के दौरान केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह जी से सौजन्य भेंट की। इस अवसर पर उनसे मध्य प्रदेश की प्रगति के संदर्भ में चर्चा हुई। साथ ही विभिन्न समसामयिक विषयों एवं जनकल्याण पर सार्थक संवाद हुआ।
पहले भी डराने के लिए होती रही हैं ऐसी कोशिशें
कैलाश विजयवर्गीय और प्रहलाद पटेल की मुलाकात को लेकर भाजपा में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। कहा जा रहा है कि शायद दोनों अपनी कुर्सी बचाने अमित शाह से मिलने गए थे। यह भी कहा जा रहा है कि अमित शाह से अपने संबंधों का हवाला देकर विजयवर्गीय पहले भी शिवराज सिंह चौहान को डराते रहे हैं। अब मोहन यादव के साथ भी यही कोशिश हो रही है। खैर, राजनीति है, कुछ भी हो सकता है लेकिन एक ही दिन की इन मुलकातों ने मध्यप्रदेश का सियासी पारा तो चढ़ा ही दिया है।