धार के कुक्षी में चूना पत्थर खदान और सीमेंट फैक्ट्री को लेकर बवाल, पुलिस पर किया पथराव, तहसीलदार की गाड़ी पलटने का प्रयास.
धार। मध्य प्रदेश के धार जिले के कुक्षी में चूना पत्थर खदान और सीमेंट फैक्ट्री के सर्वे के लिए पहुंची प्रशासनिक टीम पर ग्रामीणों ने हमला कर दिया। तहसीलदार और पुलिस की गाड़ी पर जमकर पथराव किया। तहसीलदार की गाड़ी पलटने का प्रयास भी किया गया। पत्थरबाजी में पुलिस और प्रशासन के कई वाहन क्षतिग्रस्त हो गए हैं।
उल्लेखनीय है कि यहां प्रस्तावित चूना फैक्ट्री और खनन को लेकर ग्रामीण लंबे समय से विरोध कर रहे हैं। प्रशासन की टीम ड्रिलिंग और सर्वे कार्य के लिए बुधवार को गांव पहुंची थी। भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया था। इस दौरान वहां बड़ी सख्या में ग्रामीण इकट्ठे हो गए, जिनमें महिलाएं भी शामिल थीं। ग्रामीणों ने बीच सड़क पर बैठकर पुलिस के काफिले को रोक दिया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ा कि भीड़ ने अधिकारियों की गाड़ियों और मशीनों पर पथराव शुरू कर दिया। हालात बिगड़ते देख प्रशासनिक टीम को बिना सर्वे किए वापस लौटना पड़ा। इस घटना के कुछ वीडियो भी सामने आए हैं, जिनमें ग्रामीण पत्थरबाजी करते और तहसीलदार की गाड़ी को पलटने की कोशिश करते दिख रहे हैं। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि चूना खदान और सीमेंट फैक्ट्री खुलने से उनकी जमीन बंजर हो जाएगी।
राजस्थान की कंपनी को दी गई है जमीन
प्राप्त जानकारी के अनुसार खनिज विभाग ने 11 मार्च 2025 से राजस्थान की श्री सीमेंट कंपनी को कुक्षी क्षेत्र के बामनबयड़ी गांव में 913 हेक्टेयर, ग्राम टकारी, तलावड़ी और घोड़ा में 815 हेक्टेयर भूमि चूना पत्थर खदान के लिए तीन साल की लीज पर दी है।