देश में पेट्रोल के दाम बढ़े, सभी कंपनियों ने प्रीमियम पेट्रोल किया महंगा, इंडस्ट्रियल डीजल की कीमतें भी बढ़ीं.
नई दिल्ली। मिडिल ईस्ट में जंग के बीच एलपीजी के संकट से जूझ रहे भारत में अब पेट्रोल की कीमतें बढ़ा दी गई है। सभी पेट्रोलियम कंपनियों ने प्रीमियम पेट्रोल की कीमतों में 2 से ढाई रुपये की बढ़ोतरी की है। इसी तरह इंडस्ट्रियल डीजल की कीमतें भी बढ़ा दी गई हैं। बढ़ी हुई दरें 20 मार्च की रात से लागू हो जाएंगी।
इस बढ़ोत्तरी के बाद बीपीसीएल का स्पीड, एचपीसीएल का पावर और आईओसीएल का एक्सपी95 जैसे प्रीमियम पेट्रोल के दाम में 2.30 रुपये प्रति लीटर बढ़ जाएंगे। भारत के पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय में संयुक्त सचिव सुजाता शर्मा ने कहा है कि पेट्रोल और डीज़ल का प्राइस डीरेगुलेट हो गया है। अभी सिर्फ प्रीमियम पेट्रोल का प्राइस बढ़ा है। शर्मा ने कहा कि प्रीमियम पेट्रोल, कुल पेट्रोल का मुश्किल से 2-4 प्रतिशत ही है।
इंडस्ट्रियल डीजल भी हुआ महंगा
कंपनियों के ताजा फैसले के बाद इंडस्ट्रियल डीजल की कीमतों में 22.02 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी हो गई है। इस बढ़ोतरी के बाद इंडस्ट्रियल डीजल की कीमत 87.57 से बढ़कर 109.59 रुपये प्रति लीटर पर पहुंच गई है। ऐसे में लोग साधारण पेट्रोल की कीमतों में वृद्धि को लेकर आशंकित हैं।