रुपया रिकॉर्ड गिरावट पर: पहली बार 93 के पार, डॉलर की मजबूती से बढ़ा दबाव.
रुपया रिकॉर्ड गिरावट पर: पहली बार 93 के पार, डॉलर की मजबूती से बढ़ा दबाव
भारतीय मुद्रा भारतीय रुपया शुक्रवार को शुरुआती कारोबार में कमजोर होकर अपने अब तक के सबसे निचले स्तर पर पहुंच गई। अमेरिकी मुद्रा डॉलर के मुकाबले रुपया 19 पैसे टूटकर पहली बार 93 के पार 93.08 पर पहुंच गया।
अंतरबैंक विदेशी मुद्रा बाज़ार में रुपया 92.92 प्रति डॉलर पर खुला, लेकिन जल्द ही गिरकर 93.08 के रिकॉर्ड निचले स्तर तक पहुंच गया। इससे पहले बुधवार को भी रुपया 49 पैसे की गिरावट के साथ 92.89 पर बंद हुआ था।
विशेषज्ञों के अनुसार, डॉलर की मजबूती और विदेशी संस्थागत निवेशकों की लगातार बिकवाली से रुपये पर दबाव बना हुआ है। साथ ही पश्चिम एशिया में जारी तनाव ने भी बाजार की धारणा को प्रभावित किया है।
इस बीच, डॉलर सूचकांक 0.17 प्रतिशत बढ़कर 100.25 पर पहुंच गया, जो प्रमुख वैश्विक मुद्राओं के मुकाबले डॉलर की मजबूती को दर्शाता है।