युद्ध में घायल और शहीद सैनिकों के नाम पर पैसों की डिमांड:फर्जी मैसेज से सावधान रक्षा मंत्रालय का बयान.
युद्ध में घायल और शहीद सैनिकों के नाम पर पैसों की डिमांड:फर्जी मैसेज से सावधान रक्षा मंत्रालय का बयान
पहलगाम हमले के बाद भारतीय सेना के आधुनिकीकरण तथा युद्ध में घायल और शहीद सैनिकों के नाम पर व्हाट्सऐप पर फर्जी संदेश भेजकर लोगों से पैसे मांगे जा रहे हैं।
रक्षा मंत्रालय ने इस संदेश को भ्रामक बताते हुए एक आधिकारिक बयान जारी किया है। मंत्रालय ने कहा कि लोगों को इस तरह के फर्जी संदेशों से सावधान रहना चाहिए।
![]()
गलत खाता नंबर का इस्तेमाल
रक्षा मंत्रालय के अनुसार, इस फर्जी संदेश में एक विशेष बैंक खाते में दान करने की अपील की गई है। इसमें कैबिनेट के फैसले और एक प्रसिद्ध फिल्म अभिनेता के नाम का भी हवाला दिया गया है। मंत्रालय ने स्पष्ट किया कि इस संदेश में दिया गया खाता नंबर गलत है, जिसके चलते किए गए ऑनलाइन दान अस्वीकार हो रहे हैं।
सरकार की वास्तविक योजनाएं
मंत्रालय ने बताया कि सरकार ने युद्ध में शहीद और घायल हुए सैनिकों के लिए कई कल्याणकारी योजनाएं शुरू की हैं। इसके अंतर्गत वर्ष 2020 में 'सशस्त्र सेना युद्ध हताहत कल्याण कोष' (AFBCWF) की स्थापना की गई है, जिसके माध्यम से सैनिकों को वित्तीय सहायता प्रदान की जाती है।
इस कोष का प्रबंधन रक्षा मंत्रालय के भूतपूर्व सैनिक कल्याण विभाग द्वारा किया जाता है।
सावधानी बरतने की अपील
रक्षा मंत्रालय ने सभी नागरिकों से अपील की है कि वे व्हाट्सऐप या किसी अन्य माध्यम से आए किसी भी संदिग्ध संदेश से सतर्क रहें और केवल आधिकारिक स्रोतों से ही जानकारी लेकर दान करें।