बौखलाया पाकिस्तान, नियंत्रण रेखा पर लगातार कर रहा गोलीबारी .
जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद से पाकिस्तान में खलबली मची हुई है। वह लगातार नियंत्रण रेखा (LoC) पर लगातार गोलीबारी कर रहा है। ताजा मामले में 27-28 अप्रैल 2025 की रात को सामने आया, जब पाकिस्तानी सेना ने कुपवाड़ा और पुंछ जिलों के विपरीत इलाकों में बिना किसी उकसावे के गोलीबारी की।
![]()
नियंत्रण रेखा के पार से बीते चार दिनों से पाकिस्तानी सेना लगातार ऐसी हरकतें कर रही है। हालांकि भारतीय सेना हर बार इसका मुंहतोड़ जवाब दे रही है। माना जा रहा है कि पाकिस्तान की यह कायराना हरकत भारत की आतंकवाद के खिलाफ निर्णायक लड़ाई के डर का परिणाम है। पाकिस्तान को आशंका है कि भारत इस बार बालाकोट और पुलवामा हमलों के बाद किए गए जवाबी हमलों से भी बड़ा कदम उठा सकता है। इसी घबराहट में पड़ोसी मुल्क बुरी तरह से छटपटा रहा है।
24 अप्रैल की रात से ही नियंत्रण रेखा पर गोलीबारी की घटनाएं सामने आ रही हैं। 24 अप्रैल की रात को कुछ स्थानों पर फायरिंग हुई थी, इसके बाद 25-26 अप्रैल और 26-27 अप्रैल की रात को भी तुतमारी गली और रामपुर सेक्टर के सामने पाकिस्तानी चौकियों से बिना उकसावे के छोटे हथियारों से गोलीबारी की गई।
भारतीय सेना ने हर मोर्चे पर पूरी मजबूती के साथ जवाबी कार्रवाई कर पाकिस्तान को मुंहतोड़ जवाब दिया है।