भोपाल में केरवा डैम के ब्रिज का स्लैब गिरा, कोई जनहानि नहीं, आवाजाही पर लगी रोक.
भोपाल। भोपाल में मंगलवार दोपहर केरवा डैम के ब्रिज के एक हिस्से का स्लैब अचानक टूटकर गिर गया। इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई है। फिलहाल बांध क्षेत्र में आवाजाही बंद कर दी गई है।

बताया जाता है कि बांध के जिस हिस्से से ग्रामीणों और आम नागरिकों की आवाजाही होती है, उसी पुल पर गेट नंबर 8 के ऊपर बने सीमेंट-कंक्रीट स्लैब का हिस्सा टूटकर नीचे जा गिरा। हादसे के बाद बांध प्रबंधन ने सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाते हुए पूरे क्षेत्र को घेराबंदी में ले लिया है। केरवा डैम एक पर्यटक स्थल है। भोपाल के लोग खासकर वीकेंड और छुट्टियों में यहां बड़ी संख्या में लोग घूमने पहुंचते हैं। बारिश के दिनों में यहां भीड़ और बढ़ जाती है। ढहे हुए मार्ग से ही पर्यटक और ग्रामीण आवाजाही करते थे।