सप्ताह के आखिरी कारोबारी दिन शुक्रवार को लाल निशान में बंद हुआ शेयर बाजार, सेंसेक्स 400 अंक टूटा, निफ्टी 124 अंक नीचे.
मुंबई। सप्ताह के आखिरी कारोबारी दिन शुक्रवार 21 नवंबर को शेयर बाजार लाल निशान में बंद हुआ। शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स 400.76 अंक की गिरावट के साथ 85,231.92 पर बंद हुआ। इसी तरह 50 शेयरों वाला एनएसई निफ्टी 124.00 अंक गिरकर 25,068.15 पर क्लोज हुआ।
शुक्रवार को सेंसेक्स के 30 में से 18 शेयरों में गिरावट तथा 12 में तेजी रही। टाटा स्टील, एचसीएल टेक, बजाज फाइनेंस के शेयर्स 2.7% तक गिरे। मारुति सुजुकी 1% चढ़कर बंद हुआ। इसी तरह निफ्टी के 50 में से 33 शेयर नीचे जबकि 17 हरे निशान बंद हुए। एफएमसीजी को छोड़कर निफ्टी के सभी सेकटर नुकसान में रहे। पीएसयू बैंक, रियल्टी और मेटल के शेयरों में 2% से ज्यादा की गिरावट रही। शुक्रवार को मिडकैप और स्मॉलकैप इंडेक्स 1% से ज्यादा टूटे। यह संकेत था कि निवेशकों ने छोटे और मिड-साइज शेयरों में जमकर प्रॉफिट बुकिंग की। हफ्ते भर में दोनों इंडेक्स 2.24% तक नीचे रहे, जिससे साफ है कि छोटे और मध्यम शेयरों पर दबाव ज्यादा रहा। सेक्टोरल इंडेक्स में सबसे बड़ी गिरावट मेटल सेक्टर में रही, जो 2.5% नीचे बंद हुआ। रियल्टी इंडेक्स भी 2% गिरा। बैंकिंग और फाइनेंशियल सर्विसेज इंडेक्स 0.8% और 1% से ज्यादा टूटे। पीएसयू बैंक इंडेक्स 1.5% गिरा। फार्मा और आईटी सेक्टर भी 0.4% नीचे रहे, जबकि ऑटो इंडेक्स लगभग फ्लैट रहा। गुरुवार 20 नवंबर को तेजी देखने को मिली। सेंसेक्स 446 अंक चढ़कर 85,633 पर और निफ्टी भी 140 अंक का उछाल रहा, ये 26,192 पर बंद हुआ था।