प्रियंका गांधी का आरोप: “देश में हो रही है वोट चोरी, चुनाव आयोग के अधिकारी जिम्मेदार”.
प्रियंका गांधी का आरोप: “देश में हो रही है वोट चोरी, चुनाव आयोग के अधिकारी जिम्मेदार”
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने शनिवार को बिहार के कटिहार जिले के कदवा में आयोजित एक रैली के दौरान ‘वोट चोरी’ का मुद्दा उठाया।
प्रियंका गांधी ने इस मामले के लिए मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार, चुनाव आयुक्त विवेक जोशी और एसएस संधू को जिम्मेदार ठहराया।

उन्होंने कहा,कुछ लोग देश में वोट चोरी कर रहे हैं। उन्हें तीन लोगों का साथ मिल रहा है — ज्ञानेश कुमार, विवेक जोशी और एसएस संधू। ये तीनों चुनाव आयोग के वरिष्ठ अधिकारी हैं, लेकिन अपने संवैधानिक कर्तव्यों का पालन नहीं कर रहे। इन्होंने बिहार में 65 लाख मतदाताओं के नाम हटा दिए हैं। क्या इन्हें अपने पदों के पीछे छिपने दिया जाना चाहिए?”
प्रियंका गांधी ने कहा,क्या यह ठीक है कि ये रिटायरमेंट के बाद आराम से ज़िंदगी बिताएं? जिन्होंने संविधान और देश से विश्वासघात किया है, क्या लोगों को उन्हें भूल जाना चाहिए? आपको इन तीनों के नाम प्रधानमंत्री मोदी और अमित शाह के साथ याद रखने चाहिए।”
इससे पहले कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भी एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में हरियाणा में वोट चोरी का मुद्दा उठाते हुए एक प्रेज़ेंटेशन पेश किया था।
बता दें कि बिहार विधानसभा चुनाव के दो चरणों में से पहले चरण की वोटिंग 6 नवंबर को हो चुकी है, जबकि दूसरे चरण की वोटिंग 11 नवंबर को होगी। परिणाम 14 नवंबर को घोषित किए जाएंगे।