बिहार चुनाव परिणाम के बाद लालू परिवार में हुआ था विवाद, तेजस्वी ने रोहिणी के सिर फोड़ा था हार का ठीकरा.
पटना। बिहार विधानसभा चुनाव में राजद की बुरी हार के बाद लालू परिवार में विवाद हुआ था। लालू प्रसाद यादव की बेटी रोहिणी परिवार छोड़कर चली आई हैं और उन्होंने कई आरोप भी लगाए हैं। अब यह बात सामने आई है कि परिवारिक बहसबाजी के दौरान तेजस्वी ने रोहिणी पर ताना मारा-तुम तो बहुत खुश हो रही होगी, जो तुम चाहती थी वो हो गया। इसके जवाब में रोहिणी भड़क उठीं और कहा-जिस तरह तुम घर की बेटी का अपमान कर रहे हो, तुम्हें मेरी बद्दुआ लगेगी।
बताया जाता है कि रोहिणी ने हार की समीक्षा और जिम्मेदारी की बात कही। इसी दौरान तेजस्वी से ये भी कहा कि संजय यादव को लेकर पार्टी के कार्यकर्ताओं के विरोध का जवाब हमें देना चाहिए. इस पर तेजस्वी से रोहिणी की बहस हो गई। तब तेजस्वी ने रोहिणी से कहा कि तुम्हारे ही कारण चुनाव हार गए। तुम्हारा हाय लग गया हम लोगों को। इसी बहस के दौरान गुस्से मे तेजस्वी ने बड़ी बहन रोहिणी की तरफ चप्पल भी फेंकी और गालियां भी दीविवाद इतना बढ़ गया कि तेजस्वी ने रोहिणी से कटाक्ष करते हुए कहा-तुम तो बहुत खुश हो रही होगी, जो तुम चाहती थी वो हो गया। इस पर रोहिणी ने कड़ा जवाब दिया-तुम जैसा व्यवहार कर रहे हो, मेरे दिल से बद्दुआएं निकल रही हैं। अभी और देखना मेरी बद्दुआ लगेगी तुम्हें। बहस के दौरान घर पर लालू प्रसाद, राबड़ी देवी, रेचल सहित पूरा परिवार मौजूद था। माहौल इतना तनावपूर्ण हो गया कि जब रोहिणी घर छोड़ने लगीं, तो लालू और राबड़ी दोनों भावुक हो गए।
कई बार रोहिणी को किया गया है अपमानित
बताया जाता है कि लोकसभा चुनाव के पहले संजय यादव ने रोहिणी को तेजस्वी के राजनीतिक भविष्य के लिए खतरा बताना शुरू कर दिया था। रोहिणी को पॉलिटिक्स छोड़ने की सलाह दी जाने लगी। कई बार रोहिणी को अपमानित किया गया। रोहिणी को सारण से चुनाव हराने की कोशिश भी की गयी। इसमें लालू परिवार के एक करीबी एमएलसी को भी साथ लिया गया। रोहिणी के चुनाव हारने के बाद रोहिणी का साथ नहीं देने वाले दो विधायकों को लेकर रोहिणी की नाराजगी रही बावजूद विधानसभा चुनाव में दोनों नेता को टिकट दे दिया गया।
तेजप्रताप यादव ने कहा-अब सुदर्शन चक्र चलेगा
रोहिणी आचार्या के घर और पार्टी छोड़ने के बाद अब तेज प्रताप यादव का बयान सामने आया है। उन्होंने कहा कि हमारी बहन का जो अपमान करेगा उस पर कृष्ण का सुदर्शन चक्र चलेगा। तेज प्रताप यादव ने आगे कहा कि रोहिणी दीदी जो बात कह रही है, वह अपनी जगह बिल्कुल सही कह रही हैं। एक मां होने के नाते, एक महिला होने के नाते, एक बहन होने के नाते उन्होंने जो सराहनीय काम उन्होंने किया है, वह शायद ही कोई बेटी या कोई बहन या कोई मां कर सकती है।