कर्नाटक के पूर्व डीजीपी को मारने से पहले पत्नी ने फेंकी थी मिर्च पाउडर, मारने के बाद सहेली को फोन किया-आई किल्ड द मॉनस्टर.
बेंगलुरु। कर्नाटक के पूर्व डीजीपी ओम प्रकाश की हत्या के मामले पुलिस को पता चला है कि उनकी पत्नी पल्लवी ने अपनी एक दोस्त को वीडियो कॉल कर कहा था- आई किल्ड द मॉनस्टर। पुलिस को यह भी पता चला है कि पल्लवी ने चाकू मारने से पहले उनके चेहरे पर मिर्च पाउडर फेंका था।
उल्लेखनीय है कि कर्नाटक के पूर्व डीजीपी ओम प्रकाश का शव रविवार को बेंगलुरु में उनके तीन मंजिला घर के भूतल पर खून से लथपथ मिला था। पुलिस नेउनकी पत्नी पल्लवी और बेटी कृति को हिरासत में ले लिया है। पुलिस सूत्र बताते हैं कि ओम प्रकाश और उनकी पत्नी के बीच तीखी बहस हुई थी, जिसके बाद पल्लवी ने उनके चेहरे पर मिर्च पाउडर फेंका। जलन के कारण ओम प्रकाश इधर-उधर भागने लगे, तभी पल्लवी ने उन पर कई बार चाकू घोंप दिए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
मीडिया रिपोर्ट में बताया जा रहा है कि पति-पत्नी के बीच अक्सर झगड़ा होता रहता था। यह भी बताया जा रहा है कि इस अपराध के पीछे की एक वजह कर्नाटक के दांदेली में स्थित एक जमीन को लेकर विवाद भी था? पल्लवी ने कुछ महीने पहले एचएसआर लेआउट पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। जांच में यह भी पता चला है कि पल्लवी को 'सिजोफ्रेनिया' (एक मानसिक विकार) नामक बीमारी थी और वह उसकी दवा भी ले रही थी।
मां और बेटी से कई घंटे पूछताछ
पुलिस सूत्रों के अनुसार हत्या के बाद, रिटायर्ड अधिकारी की पत्नी ने एक अन्य पुलिसकर्मी की पत्नी से बात की और उसे बताया कि उसने अपने पति की हत्या कर दी है। इसके बाद पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और ओम प्रकाश की पत्नी और उनकी बेटी को हिरासत में ले लिया। मां और बेटी से अब करीब 12 घंटे तक पूछताछ की गई है।