प्रदेश भाजपा की कार्यकारिणी घोषित, इंदौर के पूर्व नगर अध्यक्ष रणदिवे को महामंत्री पद का पुरस्कार, महापौर टिकट से चूके खरे बने उपाध्यक्ष, चावड़ा भी हुए एडजस्ट.
भोपाल। मध्यप्रदेश भाजपा की नई कार्यकारिणी की घोषणा कर दी गई है। इसमें इंदौर के पूर्व नगर अध्यक्ष गौरव रणदिवे को महामंत्री पद दिया गया है, वहीं महापौर चुनाव में टिकट से वंचित रहे डॉ.निशांत खरे को उपाध्यक्ष का पद मिला है। आशीष अग्रवाल को फिर से मीडिया प्रभारी बनाया गया है।
टीम हेमंत खंडेलवाल में लता वानखेड़े, सुमेर सोलंकी, गौरव रणदिवे और राहुल कोठारी को प्रदेश महामंत्री बनाया गया है। नौ उपाध्यक्षों में रणवीर रावत, कांतदेव सिंह, प्रभुराम चौधरी, शैलेंद्र बरुआ, मनीषा सिंह, नंदिता पाठक, सुरेंद्र शर्मा, निशांत खरे और प्रभुलाल जाटव को स्थान दिया गया है। मौजूदा मीडिया प्रभारी आशीष अग्रवाल को दोबारा मौका दिया गया है। अग्रवाल को विधानसभा चुनाव से पहले लोकेंद्र पाराशर को हटाकर जिम्मेदारी सौंपी गई थी। रीवा संभाग के संगठन मंत्री रहे श्याम महाजन को प्रदेश कार्यालय मंत्री बनाया गया है। कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी अखिलेश जैन को सौंपी गई है।
रणदिवे की मेहनत रंग लाई
इंदौर के पूर्व नगर अध्यक्ष गौरव रणदिवे के पद से हटने के बाद उनके विधानसभा चुनाव में टिकट की चर्चा थी, लेकिन किसी भी सीट से टिकट नहीं दिया गया। इसके बाद से ही यह तय था कि उन्हें पार्टी किसी अच्छे पद पर समायोजित करेगी। गौरव ने नगर अध्यक्ष रहते हुए कोरोना काल में जबरदस्त काम किया था और पद से हटने के बाद भी वे पार्टी के प्रति ईमानदारी से सक्रिय रहे। उन्होंने जमीनी संपर्क कभी नहीं छोड़ा और बिना पद के भी पार्टी का काम आगे बढ़ाते रहे। पार्टी ने इसी वजह से उन्हें महामंत्री पद पर सुशोभित किया है।
खरे और चावड़ा को भी मिला पद
इंदौर के महापौर चुनाव में सबसे आगे डॉ.निशांत खरे का नाम चल रहा था। इसी बीच अचानक से मध्यप्रदेश उच्च न्यायालय में अतिरिक्त महाधिवक्ता पुष्यमित्र भार्गव को टिकट दे दिया गया। अब उन्हें उपाध्यक्ष बनाकर पार्टी ने शायद अपनी गलती दुरूस्त करने की कोशिश की है। इसी तरह भाजपा नेताओं के लगातार विरोध के बाद भी देवास से इंदौर लाकर जयपाल सिंह चावड़ा को इंदौर विकास प्राधिकरण का अध्यक्ष बना दिया गया था। पद से हटने के बाद वे लगातार कहीं एडजस्ट होने की जुगाड़ में थे। चावड़ा ने विधानसभा चुनाव में भी टिकट के लिए कोशिश की थी। अब पार्टी ने उन्हें उपाध्यक्ष बनाया है।
संभागीय संगठन मंत्री बरुआ को भी स्थान
वीडी शर्मा की टीम में प्रदेश महामंत्री के तौर पर काम कर चुके पूर्व विधायक रणबीर सिंह रावत अब उपाध्यक्ष बनाए गए हैं। प्रदेश मंत्री और विधायक मनीषा सिंह अब प्रदेश उपाध्यक्ष बनाई गई हैं। पहले संभागीय संगठन मंत्री रहे शैलेंद्र बरुआ भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष बनाए गए हैं। सीएम के करीबी प्रभुलाल जाटव और ज्योतिरादित्य सिंधिया के समर्थक पूर्व मंत्री प्रभुराम चौधरी को भी प्रदेश उपाध्यक्ष बनाया गया है।
महामंत्री
1. लता वानखेड़े
2. सुमेर सोलंकी
3. राहुल कोठारी
4. गौरव रणदिवे
उपाध्यक्ष
1. रणवीर रावत
2. कांतदेव सिंह
3. प्रभुराम चौधरी
4. शैलेंद्र बरुआ
5. मनीषा सिंह
6. नंदिता पाठक
7. सुरेंद्र शर्मा
8. निशांत खरे
9. प्रभुलाल जाटव
चार मोर्चा अध्यक्ष
किसान मोर्चा-जयपाल सिंह चावड़ा
एससी मोर्चा-भगवान सिंह परमार
एसटी मोर्चा-पंकज टेकाम
पिछड़ा मोर्चा-पवन पाटीदार