एसआईआर को लेकर सपा प्रमुख अखिलेश यादव का भाजपा पर निशाना, कहा-ग्राउंड पर चुनाव आयोग के साथ मिलकर की जा रही गड़बड़ी.
लखनऊ। समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने एसआईआर को लेकर एक बार फिर भाजपा पर हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ग्राउंड पर जाकर चुनाव आयोग के साथ मिलकर चुनावी प्रक्रिया में गड़बड़ी कर रही है। अखिलेश ने कहा कि चुनाव आयोग अब निष्पक्ष संस्था नहीं रहा, बल्कि भाजपा का आयोग बन चुका है।
अखिलेश यादव ने बिहार चुनाव का जिक्र करते हुए कहा कि एसआईआर की भूमिका भी बेहद संदिग्ध रही है। अखिलेश यादव ने नंदलाल नाम के व्यक्ति का उदाहरण देते हुए आरोप लगाया कि उसके नाम से भरे गए फार्म-7 में फर्जी तरीके से अंगूठा और साइन कराए गए। उन्होंने दावा किया कि भाजपा ने खुद नंदलाल का साइन फार्म पर किया है। अखिलेश यादव ने कहा कि फार्म-7 की पूरी प्रक्रिया पर तुरंत रोक लगनी चाहिए, क्योंकि इसके जरिए बड़े पैमाने पर फर्जी हस्ताक्षर कर लोकतांत्रिक व्यवस्था को कमजोर किया जा रहा है। अखिलेश ने कहा कि नंदलाल ने लोकतंत्र बचाने का काम किया है, इसलिए समाजवादी पार्टी की ओर से उसे एक लाख रुपये की मदद दी गई।
यूपी की कानून-व्यवस्था पर उठाए सवाल
अखिलेश यादव ने राज्य सरकार पर भी निशाना साधते हुए कहा कि जिस सरकार ने जनता को निराश किया हो, उससे आखिरी बजट से भी किसी को कोई उम्मीद नहीं है। उन्होंने कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि यूपी में जेल से कैदी भगाए जा रहे हैं, कुछ को नेपाल भेजने और वहां से विदेश भेजने की बातें भी सामने आ रही हैं।