प्रियंका चतुर्वेदी ने फिर साधा सरकार पर निशाना, कहा-अगर भारत पाक-मैच रोकने का साहस नहीं तो टेलीकास्ट बंद करो .
नई दिल्ली। शिवसेना यूबीटी सांसद प्रियंका चतुर्वेदी ने भारत-पाक क्रिकेट मौच को लेकर केंद्र सरकार पर फिर निशाना साधा है। प्रियंका ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर कहा कि अगर भारत सरकार में मैच को रोकने का साहस नहीं है तो वह निश्चित रूप से भारत पाक मैच की लाइव स्ट्रीमिंग और टेलीकास्ट को रोक सकती है। हमारा आईटी मंत्रालय और सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय इसमें बहुत अच्छे हैं, इसलिए इसे बंद करके दिखाओ।
प्रियंका चतुर्वेदी ने कहा कि पाकिस्तानी हॉकी टीम ने भारत में खेलने के लिए सभी मंजूरी मिलने के बावजूद एशिया हॉकी कप का बहिष्कार किया। वहीं, हमारी भारत सरकार का क्रिकेट मैच को आगे बढ़ाने का कायरतापूर्ण रुख बेहद शर्मनाक है। इससे पहले प्रियंका चतुर्वेदी ने भारतीय टीम की घोषणा के बाद बीसीसीआई पर निशाना साधा था। उन्होंने कहा था कि अब भाजपा के चीयरलीडर्स भारत और पाकिस्तान के बीच मैच देखने के लिए दुबई जाएंगे।
गुरुवार को ही सरकार ने साफ किया रुख
खेल मंत्रालय ने गुरुवार को कहा कि भारतीय क्रिकेट टीम को अगले महीने कई टीमों के साथ एशिया कप में खेलने से नहीं रोका जाएगा। सरकार ने ये भी कहा किया कि पाकिस्तान के साथ कोई द्विपक्षीय सीरीज भारतीय टीम नहीं खेलेगी।