संसद का शीतकालीन सत्र खत्म होने के बाद चाय पर चर्चा, पीएम मोदी सहित कई नेता हुए शामिल, लगे जोरदार ठहाके.
नई दिल्ली। संसद का शीतकालीन सत्र खत्म हो गया है। इसके बाद लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने सत्तापक्ष और विपक्षी सांसदों की एक बैठक हुई, जिसमें चाय पर चर्चा हुई। इसमें जोरदार ठहाके लगे। यह बैठक लोकसभा के स्पीकर ओम बिरला ने बुलाई थी, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी शामिल हुए। वहीं लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी की गैर-मौजूदगी में उनकी बहन प्रियंका गांधी ने विपक्षी दलों को लीड किया
संसद में स्पीकर के चैंबर में हुई। इस बैठक में पीएम मोदी ,स्पीकर ओम बिरला और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के अलावा कई केंद्रीय मंत्री और विपक्ष के कई दिग्गज नेता शामिल हुए। बैठक में पक्ष-विपक्ष के सांसद ने चाय पर चर्चा की और जिस अंदाज में किसी बात पर जोरदार ठहाके लगाए, वह अब भारतीय राजनीति में कम ही देखने को मिल पाते हैं। ठहाके लगाने वालों में खुद पीएम मोदी और कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी भी शामिल हैं। प्रियंका गांधी वाड्रा को केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के बगल वाली सीट दी गई। वहीं रक्षा मंत्री के पास वाली सीट पर प्रधानमंत्री मोदी बैठे दिखाई दिए।
गडकरी ने प्रियंका को कराया था भोजन
इससे पहले गुरुवार को लोकसभा में जब प्रियंका गांधी ने सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी से समय नहीं मिलने की शिकायत की थी तो उन्होंने कहा था कि उनका दरवाजा तो हमेशा खुला रहता है। गडकरी ने कहा कि आप प्रश्नकाल के बाद उनके ऑफिस में आकर मिल सकती हैं। इसके बाद प्रियंका गांधी ने सड़क एवं परिवहन मंत्री नितिन गडकरी के कार्यालय में जाकर मुलाकात की थी, जहां गडकरी ने उन्हें स्वादिष्ट डिश भी खिलाई थी।