उज्जैन के तराना में दो समुदायों के बीच हिंसक झड़प के बाद स्थिति शांत, 11 बसें तोड़ीं, विश्व हिंदू परिषद के नगर मंत्री घायल, छह लोगों के खिलाफ केस.
उज्जैन। उज्जैन के तराना में गुरुवार रात दो पक्षों में जमकर विवाद हो गया। इसके बाद उपद्रवियों ने बस स्टैंड पर खड़ी 11 बसों में तोड़फोड़ कर दी। पुलिस ने बलप्रयोग कर स्थिति को काबू में किया। पूरे क्षेत्र में धारा 144 लागू है। अब स्थिति शांत बताई जा रही है।
बताया जाता है कि विवाद की शुरुआत तराना के बड़े राम मंदिर के सामने स्थित सुखला गली में हुई। यहां मंदिर के सामने विश्व हिंदू परिषद के नगर मंत्री सोहेल ठाकुर (बुंदेला) खड़े थे। इसी दौरान ईशान मिर्जा सहित कुछ लोग वहां आए। कहने लगे कि यहां क्यों खड़े हो? इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में विवाद हो गया। कुछ युवकों ने पीछे से सोहेल पर हमला कर दिया। उनके सिर में गंभीर चोट आई हैं। पुलिस ने सप्पान मिर्जा (मदारबाड़ा), ईशान मिर्जा, शादाब उर्फ इडली, सलमान मिर्जा, रिजवान मिर्जा और नावेद के खिलाफ जानलेवा हमले का केस दर्ज किया है।
मारपीट की सूचना मिलने के बाद हिंदूवादी संगठनों के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में इकट्ठा हो गए और तराना थाने का घेराव कर प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग की। घटना का एक वीडियो भी सामने आया है। एसपी प्रदीप शर्मा ने बताया कि तराना के सोहेल ठाकुर के साथ कुछ लोगों ने मारपीट की थी। इसके बाद 6 लोगों के खिलाफ जानलेवा हमले का केस दर्ज किया गया है फिलहाल, क्षेत्र में शांति है।