इंदौर भाजपा की नई कार्यकारिणी में सुमित मिश्रा ने की संतुलन बनाने की कोशिश, कोल्हे, पिपले और कुकरेजा बने महामंत्री.
इंदौर। भाजपा की नगर कार्यकारिणी की घोषणा आज मंगलवार को कर दी गई है। नगर अध्यक्ष सुमित मिश्रा ने इसकी सूची जारी कर दी है। सूची देखकर लग रहा है कि विधायकों और वरिष्ठ नेताओं के बीच संतुलन बनाने में सुमित मिश्रा सफल रहे हैं। सबसे ज्यादा खींचतान महामंत्री के पद के लिए थी। इसे पाने में सुधीर कोल्हे, कैलाश पिपले और महेश कुकरेजा सफल रहे हैं।
कार्यकारिणी में 33 पदाधिकारियों को शामिल किया गया है। इनमें से 8 उपाध्यक्ष, तीन महामंत्री और 8 मंत्री बनाए गए हैं। एक कोषाध्यक्ष, एक सह कोषाध्यक्ष, दो सह कार्यालय मंत्री, एक मीडिया प्रभारी और दो सह मीडिया प्रभारियों की भी नियुक्त की गई है। एक आईटी प्रभारी, दो सह प्रभारी, दो सोशल मीडिया प्रभारी और दो सह प्रभारी भी बनाए गए हैं।
मेंदोला, गौड़ और हार्डिया पड़े भारी
लंबे समय से कार्यकारिणी की सूची का इंतजार था। इसमें महामंत्री के तीन ही पद हैं, लेकिन सभी विधायक और वरिष्ठ नेता चाहते थे कि उनके समर्थकों को महामंत्री बनाया जाए, लेकिन इसमें रमेश मेंदोला, मालिनी गौड़, महेंद्र हार्डिया भारी नजर आए। रमेश मेंदोला के समर्थक सुधीर कोल्हे, मालिनी गौड़ के समर्थक महेश कुकरेजा और महेंद्र हार्डिया के समर्थक कैलाश पिपले को महामंत्री बनाया गया। पिपले को विधायक गोलू शुक्ला का भी समर्थन था।
उपाध्यक्ष पद पर कई नेताओं को किया संतुष्ट
सुमित मिश्रा ने उपाध्यक्ष पद पर कई विधायकों और नेताओं को संतुष्ट करने की कोशिश की है। हरप्रीतसिंह बख्शी, राकेश शर्मा, वासुदेव पाटीदार, भरत पारीख, भूपेन्द्र केसरी, गौतम शर्मा, दिपेन्द्रसिंह सोलंकी और डॉ.दिप्ती हाड़ा को उपाध्यक्ष पद से नवाजा गया है। भरत पारीख को महामंत्री बनाने के लिए महापौर पुष्यमित्र भार्गव कोशिश कर रहे थे, लेकिन उन्हें उपाध्यक्ष पद से संतुष्ट होना पड़ा। हरप्रीत सिंह बख्शी भी विधायक रमेश मेंदोला समर्थक हैं।
पार्षद गिडवानी और स्वाति कासिद को बनाया मंत्री
सुमित मिश्रा की टीम में मंत्रियों की सूची में पार्षद कंचन गिडवानी और युवराज उस्ताद की पत्नी स्वाति काशिद का भी नाम शामिल है। इसके अलावा अजय शर्मा पप्पू, नेहा शर्मा, मंजू ठाकुर, इंदू श्रीवास्तव, गुलशन यादव, नारायण पालीवाल के नाम भी मंत्रियों की सूची में शामिल हैं। कंचन गिडवानी सांसद शंकर लालवानी का नाम है, जबकि स्वाति काशिद विधायक रमेश मेंदोला समर्थक हैं।
वरुण पाल मीडिया प्रभारी बने
नगर कार्यकारिणी की नई टीम में वरुण पाल को मीडिया प्रभारी बनाया गया है, जबकि नितिन शर्मा और रितेश शर्मा सह मीडिया प्रभारी बने हैं। सचिन बंसल को कोषाध्यक्ष और हेमराज वाडिया को सह कोषाध्यक्ष बनाया गया है। विशाल यादव कार्यालय मंत्री बने हैं, जबकि गोविंद पंवार और आकाश गर्ग सह कार्यालय मंत्री बनाए गए हैं।
खंडेलवाल को आईटी प्रभारी बनाया
कार्यकारिणी में दीपांश खंडेलवाल को आईटी प्रभारी बनाया गया है, जबकि दीपेश पचौरी और राजा कोठारी को सह आईटी प्रभारी बनाया गया है। सुखविन्दर भाटिया सोशल मीडिया प्रभारी बने हैं, जबकि दीपक बागवान और सौरभ खंडेलवाल सह सोशल मीडिया प्रभारी बने हैं।