लव जिहाद के लिए फंडिंग करने वाले अनवर कादरी की पार्षदी खत्म करने की कवायद शुरू, संभागायुक्त ने कलेक्टर और पुलिस कमिश्नर से मांगा अभिमत.
इंदौर। लव जिहाद के लिए फंडिंग करने वाले पार्षद अनवर कादरी उर्फ अनवर डकैत की पार्षदी जल्द ही खत्म होने वाली है। इसके लिए महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने संभागायुक्त दीपक सिंह को पत्र लिखा था। अब संभागायुक्त ने कार्रवाई शुरू कर दी है। कलेक्टर और पुलिस कमिश्नर को पत्र भेजकर संभागायुक्त ने अभिमत मांगा है।
संभागायुक्त ने कलेक्टर को भेजे पत्र में लिखा है कि महापौर द्वारा इन्दौर नगरपालिक निगम के पार्षद वार्ड कमांक 58 अनवर कादरी के कृत्यों के संबंध में इन्हें पार्षद पद से हटाये जाने का प्रस्ताव प्रेषित किया गया है। कृपया संबंधित पार्षद के विरूद्ध सूक्ष्मता से जांच कराते हुए इनके विरूद्ध यदि कोई पूर्व से प्रकरण, विवेचना में हो तो उनका भी विवरण दें। पत्र में म.प्र. नगरपालिक निगम अधिनियम 1956 के अंतर्गत आवश्यक कार्यवाही हेतु अभिमत शीघ्र भेजने को कहा गया है।
कलेक्टर लगा चुके हैं रासुका
पार्षद अनवर कादरी उर्फ अनवर डकैत के खिलाफ कलेक्टर आशीष सिंह रासुका की कार्रवाई कर चुके हैं। कलेक्टर के आदेश में कहा गया था कि अनवर कादरी उर्फ डकैत के विरूद्ध विभिन्न थाना क्षेत्रों में 18 अपराध पंजीबद्ध है। अनवर कादरी उर्फ डकैत लंबे समय से अपराधिक गतिविधियों में संलग्न है। इनमें जानलेवा हमला, डकैती, बलवा, अवैध हथियार रखना, जमीन कब्जा करना और मारपीट जैसे केस शामिल हैं।
लव जिहाद के लिए की थी फंडिंग
उल्लेखनीय है कि अनवर डकैत पर लव जिहाद के लिए फंडिंग के मामले में फरार है। उसने मुस्लिम लड़कों को तीन लाख रुपए देकर कहा था- हिंदू लड़कियों से शादी करें और फिर उन्हें देह व्यापार में धकेलें। इसके बाद इस पर कार्रवाई की मांग उठी थी। महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने इसकी पार्षदी समाप्त करने के लिए संभागायुक्त दीपक सिंह को पत्र लिखा था।
मुख्यमंत्री ने दिए थे कार्रवाई के निर्देश
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने खुद इस मामले में पुलिस को सख्त कार्रवाई की खुली छूट दी है। सीएम डॉ. मोहन यादव ने कुछ दिनों पहले इंदौर में कहा था कि कांग्रेस को समझ लेना चाहिए कि भाजपा के लोग जनता के प्रति जवाबदार हैं। हम अपनी सरकार को जवाबदेही के साथ चलाना जानते हैं। हमारे राज्य में जो भी कानून तोड़ेगा, उससे कैसे निपटना है... यह भी हम जानते हैं। डकैत हो या डकैत का बाप, हम सभी से निपटना जानते हैं। हम ऐसे अपराधी को बख्शेंगे नहीं।